Mumbai Fire News: मुंबई के प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक मार्केट इलाके लैमिंगटन रोड पर शनिवार देर रात एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना पर दमकल और राहत टीमें मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए अंदर फंसे 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ और समय रहते सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया।
मुंबई के सरस्वती भवन में लगी आग
इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर गोदाम में भड़की आग
जानकारी के अनुसार, यह घटना लैमिंगटन रोड स्थित 'सरस्वती भवन' में हुई। रात करीब 11:33 बजे बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर बने मोबाइल फोन के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस और बीएमसी वार्ड कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने इसे लेवल-1 की आग घोषित किया और आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियों को बुलाकर आग बुझाने के काम में जुट गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Arrah News: बिहार में महानंदा एक्सप्रेस का इंजन और दो बोगियां पटरी से उतरीं, दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित
तेजी से विकराल हुई आग
घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा पार्षद सनी सनप ने बताया कि आग रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच लगी। शुरुआत में आग सामान्य लग रही थी, लेकिन गोदाम में रखे सामान के कारण यह तेजी से फैल गई और लपटें तेज हो गईं। इसके बाद आसपास के फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। इमारत से सुरक्षित निकाले गए सभी सातों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
