मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह प्रदर्शन अगस्त क्रांति मैदान में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर किया गया था। मुंबई पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान शहर में 400 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। मामले में गामदेवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
मुंबई में प्रदर्शन के खिलाफ BNS की कई धाराओं में FIR (File Photo)
प्रदर्शन के मामले में कई धाराओं के तहत केस
मुंबई पुलिस ने शनिवार को बताया कि FIR भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 126(2), 189(2), 189(3) और 189(5) के तहत दर्ज की गई है। ये धाराएं आदेश की अवहेलना, गलत तरीके से रोकने और गैरकानूनी सभा से संबंधित हैं। इस मामले में शिकायत खुद पुलिसकर्मियों की ओर से दर्ज कराई गई है। शनिवार को अगस्त क्रांति मैदान और पास के नाना चौक पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया। बता दें कि इसी ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान से ही 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था।
तुषार गांधी और अभिनेता इमरान खान भी हिरासत में
इस प्रदर्शन का आह्वान महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने किया था। यह आयोजन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के समर्थन में किया गया था। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन स्थल की ओर जाते समय तुषार गांधी को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को भी अगस्त क्रांति मैदान से हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद अभिनेता ने पुलिस वैन में बैठे हुए अपनी एक तस्वीर साझा की और मजाकिया अंदाज में लिखा, “लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।”
दिल्ली में भी करीब 1,000 प्रदर्शनकारी हिरासत में
इसी मांग को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में भी शनिवार को प्रदर्शन हुआ। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे करीब 1,000 लोगों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई थी। प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए और वाहनों की जांच की गई।
