Mumbai News: एक बार फिर बाधित हुई मुंबई लोकल ट्रेन सेवा, यहां जानें वजह

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 4, 2024, 09:40 AM IST

मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर केबल कटने से आई तकनीकी दिक्कतों के कारण सोमवार को लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित रही है। पश्चिमी रेलवे ने लोगों की समस्या को देखते हुए तत्काल प्रभाव से इसे सुलझाने का काम किया और 11 घंटों की मेहनत के बाद लोकल ट्रेन सेवा पुनः बहाल हुई।

Mumbai News: मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर तकनीकी कारणों के चलते पश्चिम रेलवे नेटवर्क पर सोमवार को लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। लोकल ट्रेन सेवा के बाधित होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा । अधिकारियों ने बताया कि एक केबल कटने के कारण तकनीकी दिक्कत आई। अधिकारियों के अनुसार घटना देर रात करीब दो बजे की है जिसके कारण कई उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को रद्द किया गया। बता दें कि पश्चिम रेलवे रोजाना 1,300 से अधिक उपनगरीय रेल सेवा उपलब्ध कराता है और दक्षिण मुंबई में चर्चगेट से पड़ोसी पालघर जिले के डहाणू के बीच फैले इसके नेटवर्क पर ट्रेन के जरिये करीब 30 लाख यात्री सफर करते हैं।

Mumbai News

एक बार फिर बाधित हुई मुंबई लोकल ट्रेन सेवा

ग्यारह घंटे में ठीक हुई समस्या

केबल कटने के कारण उत्पन्न हुई समस्या को पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने हल करने के लिए अथक प्रयास किया। इस समस्या को ठीक करने में 11 घंटे का समय लगा। पश्चिमी रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मानसून की तैयारी के कारण तकनीकी समस्या आई। उन्होंने बताया कि रविवार रात बोरीवली में नाले की खुदाई के दौरान केबल कट गई थी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने सोशल मीडिया पर बताया कि बोरीवली स्टेशन पर केबल कटने के कारण प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो से लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं। 1 और 2 प्लेटफॉर्म संख्या को छोड़कर अन्य सभी प्लेटफॉर्म से लोकल ट्रेन सेवाएं सुचारू रूप से जारी रही।

End of Feed