Maharashtra News: महाराष्ट्र के जालना मराठा आरक्षण पर छिड़े विवाद के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कार्यकर्ता की कार को आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति नीलम नगर इलाके में रविवार रात करीब 10 बजे ओबीसी कार्यकर्ता नवनाथ वाघमारे की कार पर बोतल से ज्वलनशील तरल पदार्थ डालते और फिर उसमें आग लगाते हुए दिख रहा है।
ओबीसी कार्यकर्ता की कार को लगाई आग (प्रतीकात्मक तस्वीर) (फोटो - कैनवा)
ओबीसी कार्यकर्ता की कार में लगाई गई आग
न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के अनुसार, पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोग आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचते उससे पहले ही वाहन का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। बाद में वाघमारे ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में आरोप लगाया कि यह कृत्य मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के समर्थकों द्वारा किया गया, जो जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव के निवासी हैं। वाघमारे ने कदीम जालना थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि वाघमारे और अन्य ओबीसी कार्यकर्ता मराठा समुदाय के सदस्यों को अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी के तहत आरक्षण दिए जाने का विरोध कर रहे हैं। वाघमारे ने कहा, "मेरी कार में जानबूझकर आग लगाई गई। कार में आग फैलने से पहले स्थानीय लोगों ने उसे बचाने में मदद की। मैं डरने वाला नहीं हूं। हम संविधान का पालन करते हैं और ऐसी हरकतें नहीं करते। अगर ओबीसी कार्यकर्ताओं ने जरांगे की कार जला दी होती तो क्या होता?" उन्होंने घटना में जरांगे के समर्थकों की भूमिका का आरोप लगाया और पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
(इनपुट - भाषा)
