Maharashtra News: मुंबई से सटे विरार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बोलिंज इलाके में स्थित एक निर्माणाधीन इमारत की 18वीं मंजिल से कूदकर दो युवकों ने अपनी जान दे दी। दोनों मृतक युवक छात्र थे और उनकी पहचान श्याम सनद घोराई (20 वर्ष) और आदित्य रामसिंह (21 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, श्याम और आदित्य बहुच अच्छे दोस्त थे। यह दोनों नालासोपारा में किराये के कमरे में एक साथ ही रहते थे और एक ही कॉलेज में पढ़ाई भी करते थे।
विरार में बिल्डिंग के 18वें फ्लोर से कूदकर दो दोस्तों ने दी जान (फोटो - iStock)
पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मृत्यु का मामला
बता दें कि यह घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे की है, जब दोनों युवक किसी काम से विरार के बोलिंज इलाके में पहुंचे थे और पास ही बनी निर्माणाधीन इमारत की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही नजदीकी अर्नाला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इसलिए जानने की कोशिश की जा रही है आखिर हुआ क्या था।
आत्महत्या के कारणों की गहन जांच
पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि इस मामले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। जांच अधिकारी अब युवकों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाल रहे हैं। इसके साथ ही, पुलिस कॉलेज प्रशासन और उनके दोस्तों से भी पूछताछ कर सकती है। पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों छात्र हाल ही में किसी मानसिक तनाव, आर्थिक परेशानी या व्यक्तिगत विवाद से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया।
