Mumbai Chawl Collapse: महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पश्चिमी उपनगर बांद्रा में शुक्रवार तड़के एक तीन मंजिला चॉल ढह गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, मलबे में कम से कम 12 लोगों के फंसे होने की आशंका है। शुरूआत में सात लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालकर भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बांद्रा में तीन मंजिला चॉल ढहने से हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बांद्रा पूर्व के भारत नगर इलाके में स्थित चॉल संख्या 37 में सुबह करीब 5:56 बजे हुआ। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और मुंबई पुलिस के साथ दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। एक अधिकारी ने बताया कि बचाव और राहत अभियान तेजी से जारी है। आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
सिलेंडर ब्लास्ट से हुआ हादसा
मुंबई पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि, अब तक मलबे से निकाले गए 12 लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना आज सुबह 7:50 बजे हुई। जांच के मुताबिक, इमारत में एक सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद इमारत के कुछ हिस्से अचानक ढह गए। ऐसे में अग्निशमन विभाग, मुंबई पुलिस और बीएमसी द्वारा मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
(इनपुट - भाषा)
