Nagpur-Mumbai Samridhi Expressway Update: महाराष्ट्र के दो बेहद अहम शहरों का सफर 18 घंटे की जगह 7 घंटे में ही पूरा होगा। यह नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे से मुमकिन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो महीने पहले ही इसके पहले चरण का उद्घाटन किया था। एक्सप्रेस-वे नागपुर को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले स्थित सिटी ऑफ टेंपल शिर्डी से जोड़ता है। एक्सप्रेस-वे की लंबाई 520 किलोमीटर है। यह बाला साहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग परियोजना का हिस्सा है। इसकी कुल लंबाई 701 किलोमीटर रहेगी। साल 2015 में परियोजना की परिकल्पना हुई थी।
नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे का चल रहा निर्माण
परियोजना पूरी होने पर लोग सात घंटे में ही नागपुर से मुंबई पहुंच जाएंगे। एक्सप्रेस-वे का निर्माण 55 हजार करोड़ रुपए से किया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे 10 जिलों से होकर गुजरेगा। इसे देश का सबसे हाईटेक एक्सप्रेस-वे बताया जा रहा है। इस सड़क पर जगह-जगह ईवी चार्जिंग स्टेशन समेत कई सुविधाएं रहेंगी।
अगले साल पूरा हो जाएगा निर्माण
एक्सप्रेस-वे पर टनल लाइटिंग, बेहतर स्ट्रीट लाइट, डिजिटल साइनेज लगा होगा। एक्सप्रेस-वे को अत्याधुनिक तरीके से बनाया जा रहा है। इसका निर्माण कर रही कंपनी का कहना है कि सड़क बनाने का काम दिन-रात चल रहा है। इसका निर्माण अगले साल पूरा होने की उम्मीद है। यह देश के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे में से एक होगा। इसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जाना है। इसके अतिरिक्त इसे जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट, अजंता-एलोरा की गुफाएं, शिर्डी और लोनार से भी जोड़ा जाना है। इन पर्यटन स्थलों पर आने वाले लोगों को इससे काफी सहूलियत होगी। एक्सप्रेस-वे की गति सीमा 150 किलोमीटर प्रति घंटा होगा। इसे इतनी ही स्पीड के हिसाब से डिजाइन किया गया है। मुंबई से औरंगाबाद तक चार घंटे में ही दूरी तय हो जाएगी।एनएच पर 120 होती है गति सीमा
अभी कारों के लिए नेशनल हाईवे (हाईवे) पर गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटे है। एक्सप्रेस-वे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे है। इसके अतिरिक्त मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा है। एक्सप्रेस-वे हल्के वाहनों के लिए 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा से डिजाइन हुआ है।
