नागपुर में बारिश का कहर, 4 घंटे में 100 मिमी बारिश, पानी इतना कि घर में ही डूब गई महिला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2023, 09:22 AM IST

महाराष्ट्र के नागपुर में लगातार बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। घरों में पानी घुस गया है। पूरे शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए है। एक घर में इतना पानी हो गया कि महिला की डूब कर मौत हो गई।

महाराष्ट्र के नागपुर में मौसम ने कहर बरपा रखा है। 4 घंटे में 100 मिली मीटर बारिश हुई। पूरे शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नागपुर में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ की वजह से 53 वर्षीय महिला समेत 4 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार देर शाम को प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक बाढ़ का पानी सुरेंद्रगढ़ निवासी संध्या धोरे (53) और उनकी मां सयाबाई धोरे (72) के घर में घुस गया। इस दौरान, अन्य रिश्तेदार घर से निकलने में सफल रहे, लेकिन पक्षाघात की शिकार संध्या धोरे घर में ही छूट गईं, क्योंकि वह चलते-फिरने में असमर्थ थीं। अधिकारी ने बताया कि कमरे में जलस्तर बढ़ने के बाद संध्या धोरे डूब गईं। एक बचाव दल ने शनिवार सुबह उनका शव बरामद किया।

अधिकारी ने बताया कि गित्तिखादन में अकेले रहने वालीं 70 वर्षीय मीराबाई कप्पूस्वामी के कमरे में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को दो बजे बाढ़ का पानी घुस गया। उन्होंने बताया कि मीराबाई के शव को सुबह छह बजे रिश्तेदारों ने बाहर निकाला। अधिकारी के अनुसार, शनिवार शाम को धंतोली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचशील चौराहे के पास एक 'नाले' से अज्ञात शव बरामद किया गया।

End of Feed