मुंबई

मुंबई से दुबई ट्रेन से होगा सुहाना सफर, समुद्र के अंदर ट्रैक बनाने की हो रही बात

नदियों के नीचे और समुद्र के नीचे भी टनल बनाकर सड़कें निकाली जा रही हैं। लेकिन अब दुबई और मुंबई के बीच समुद्र के अंदर ट्रेन चलाने की बात हो रही है। दोनों शहरों के बीच यह रेल लिंक बन जाने से दोनों देशों के बीच हवाई सफर में लगने वाला समय भी घटकर 2-2.5 घंटे रह जाएगा।

Image

मुंबई और दुबई के बीच चलेगी अंडरवाटर ट्रेन

भारत जैसे बड़े देश में ट्रेन की यात्रा, सफर का सबसे आसान और तेज माध्यम है। भारतीय ट्रेनें पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों तक भी जाती हैं, लेकिन रिश्तों में आई खटास क चलते फिलहाल यह सेवाएं बंद हैं। जिन देशों के साथ भारत की जमीनी सीमा मिलती है, वहां तक तो ट्रेन से पहुंचना अलग बात है, लेकिन समुद्री सीमा के पार के देशों के लिए यह असंभव सा काम है। अब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और अरब सागर के दूसरे तट पर दुबई के बीच रेलवे लाइन बिछाने की बात हो रही है। वह भी समुद्र के नीचे यानी दोनों शहरों के बीच अंडरवाटर ट्रेन चलाने की बात हो रही है।

मुंबई और दुबई के बीच का यह सफर मात्र 2 घंटे में पूरा हो जाएगा। जी हां, UAE जल्द ही दुबई और मुंबई के बीच अंडरवाटर ट्रेन लॉन्च करने वाला है, जिससे दोनों शहरों की दूरी कम होगी। यूएई के नेश्नल एडवाइजर ब्यूरो लिमिटेड का यह प्रोजेक्ट न सिर्फ दो देशों के बीच सफर यात्रा को रफ्तार देगा, बल्कि इसे और भी आसान और सुविधाजनक भी बना देगा।

India-Dubai Underwater Train से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, सस्ता होगा सफर

एक बार जब भारत और UAE के बीच यह अंडरवाटर ट्रेन शुरू हो जाएगी तो इससे दोनों देशों के बीच सफर में लगने वाला समय भी 1 घंटा कम हो जाएगा। अभी मुंबई से दुबई के बीच हवाई यात्रा में 3 से 3.5 घंटे का समय लगता है, जो घटकर 2 से 2.5 घंटे रह जाएगा। दोनों देशों के बीच समुद्र में पारंपरिक रेलवे लाइन की बजाय हायपरलूप सिस्टम (Hyperloop System) का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसस यात्रियों को तेजी से सफर करने में मदद मिलेगी।

इस कदम से न सिर्फ दोनों देशों के बीच सफर में समय कम लगेगा, बल्कि ट्रैवलिंग कॉस्ट भी कम होगी। जिससे यात्रियों की जेब पर आर्थिक दबाव कम पड़ेगा। हालांकि, टिकट के दाम क्या होंगे इसको लेकर अभी से कुछ नहीं कहा जा सकता है। यही नहीं हवाई जहाज के मुकाबले यह सफर बहुत ही आरामदायक भी होगा।

मुंबई से दुबई की दूरी

बता दें कि भारत और दुबई के बीच की दूरी करीब 2000 किमी की है। भविष्य की इस अंडरवाटर ट्रेन से यात्रियों के लिए दोनों देशों के बीच सफर का एक वैकल्पिक मार्ग भी खुल जाएगा। जबकि फिलहाल यात्री सिर्फ हवाई यात्रा के जरिए ही दोनों देशों के बीच यात्रा कर सकते हैं। इससे दोनों ही देशों में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुंबई-दुबई ट्रेन से व्यापारिक रिश्ते होंगे मजबूत

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई-दुबई अंडरवाटर ट्रेन से न सिर्फ यात्री एक दोनों देशों के बीच सफर करेंगी, बल्कि इससे सामान भी दोनों तरफ जा सकेगा, कच्चा तेल और साफ पीने योग्य पानी को भी इस रूट से भेजा जाएगा। इससे भारत और दुबई के बीच व्यापारिक रिश्ते और भी मजबूत होंगे।

कब शुरू होगी India-Dubai Underwater Train?

यह सब जानने के बाद अब यही प्रश्न उठता है कि भारत और दुबई के बीच यह अंडरवाटर ट्रेन कब शुरू होगी? बता दें कि अभी इस प्रस्तावित रेल लिंक को लेकर कोई तारीख निर्धारित नहीं की गई है। लेकिन इतना सच है कि दोनों देशों के बीच इस रेल लिंक को लेकर बातचीत जारी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article