Mumbai News: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बंगले "मन्नत" पर बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) की टीम ने 20 जून को निरीक्षण किया। यह बंगला मुंबई के बांद्रा इलाके में समंदर के किनारे स्थित है। बीएमसी को शिकायत मिली थी कि बंगले के रेनोवेशन कार्य के दौरान तटीय नियमन क्षेत्र (CRZ) के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। इसी शिकायत के आधार पर बीएमसी की टीम ने "मन्नत" का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल शाहरुख खान का बंगला रेनोवेशन के तहत है और वे अपने परिवार के साथ बांद्रा की ही एक पास की बिल्डिंग में रह रहे हैं।
BMC ने की मन्नत की जांच
जानकारी के मुताबिक, बीएमसी यह जांच कर रही है कि रेनोवेशन के दौरान वास्तव में किसी भी प्रकार का सीआरजेड उल्लंघन हुआ है या नहीं। इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता आशीष शेलार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शाहरुख खान के घर में जाने की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि जिस बंगले की बात हो रही है, उसमें वन विभाग के अधिकारियों के जाने का कोई औचित्य नहीं बनता। अगर कोई गलती हुई है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जा सकती है, लेकिन बिना कारण किसी को परेशान नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शाहरुख खान हों या कोई और, मुंबई और महाराष्ट्र में किसी को भी बेवजह तंग नहीं किया जाना चाहिए।
