Mumbai News: मुंबई के लोगों का बहुत जल्द इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस का इंतजार खत्म होने वाला है। अगर चीजें योजना के अनुसार चलती हैं, तो अगले ही हफ्ते में बड़ी लाल इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस में मुंबई के लोग सवार हो सकेंगे। बेस्ट काफी वक्त से इस बस सेवा को जल्द शुरू करने की योजना बना रहा है। बेस्ट के महाप्रबंधक लोकेश चंद्र ने शनिवार को जानकारी देते हुए कहा है कि, शहर में इलेक्ट्रिक डबल डेकर का व्यावसायिक संचालन अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा।
अगले हफ्ते शुरू होगी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस
उन्होंने कहा कि, शहर में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में पंजीकरण के लिए कम से कम दो बसें हैं और प्रक्रिया कुछ दिनों में पूरी हो सकती है। अगले हफ्ते आम जनता के लिए पहले दो इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस के शुरू होने की उम्मीद है। बसों को कुर्ला से बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स और सीएसटी रोड से सांताक्रुज़ तक और कुछ अन्य मार्गों के बेड़े के रूप में चलाने के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
