वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों ने देश में रेलवे की न सिर्फ शक्ल बदली है, बल्कि उसकी छवि भी बदलकर रख दी है। यह सेमी-हाईस्पीड ट्रेनें समय की काफी पाबंद हैं। यही कारण है कि तमाम शहर चाहते हैं कि उनके घर तक भी वंदे भारत एक्सप्रेस चले। भारतीय रेलवे जल्द ही महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से नागपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी कर रही है। पुणे पल्स ने इस संबंध में रिपोर्ट दी है।
मुंबई नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं शुरू हो जाने पर न सिर्फ दोनों शहरों के बीच सफर में समय बचेगा, बल्कि महाराष्ट्र के इन दो शहरों के बीच यात्रियों का सफर आरामदायक भी होगा। बता दें कि मुंबई और नागपुर के बीच की दूरी 837 किमी है और दोनों शहरों के बीच के सफर में ट्रेन को 14 घंटे का समय लगता है।
14 घंटे का सफर 9 घंटे में
जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं शुरू होने से दोनों शहरों के बीच लगने वाला समय 14 घंटे से कम होकर 9 घंटे रह जेगा। इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनें अभी 14 घंटे से ज्यादा समय लेती हैं। भारतीय रेलवे अपने यात्रियों के लिए ट्रेन के सफर को अत्याधुनिक और आरामदेह बनाने के लिए लगातार कार्यरत है। इसमें आरामदायक और तेज ट्रेन सेवाएं जोड़ना शामिल है। इसी कड़ी में भारतीय रेलवे ने देशभर में 136 वंदे भारत ट्रेनें चलाई हैं।
कहां-कहां रुकेगी वंदे भारत ट्रेन
मुंबई और नागपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की अभी घोषणा नहीं हुई है। माना जा रहा है कि इसकी घोषणा जल्द ही हो सकती है। इसलिए अभी बीच में ट्रेन कहां-कहां रुकेगी, इस संबंध में भी स्पष्टतौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार मुंबई-नागपुर वंदे बारत एक्सप्रेस दोनों बड़े शहरों के बीच जलगांव और भुसावल में भी रुकेगी। इसके अलावा वंदे भारत एक्सप्रेस के दादर, कल्याण, नासिक रोड, अकोला, भंडारा और वर्धा में भी रुकने की अटकलें हैं। मुंबई से जलगांव और भुसावल की यात्रा तो महज 3-4 घंटे की रह जाएगी।
मुंबई-नागपुर वंदे भारत का किराया और स्पीड
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें सेमी हाई स्पीड ट्रेनें हैं। यह ट्रेनें 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस रूट पर भी ट्रेन इसी रफ्तार से चलेगी। ट्रेन में 1 एग्जक्यूटिव एसी चेयर कार और 7 एसी चेयर कार होंगी। एग्जक्यूटिव एसी चेयर कार के लिए आपको 2500-3500 रुपये किराया चुकाना पड़ सकता है, जबकि एसी चेयर कार का किराया 1500-2000 रुपये हो सकता है।
