कानपुर

गंगा बैराज से शुक्लागंज तक कानपुर में बनेगा 8 किमी लंबा गंगा रिवरफ्रंट, जानें ताजा अपडेट

कानपुर शहर के बीच से बहने वाली गंगा नदी की शक्ल जल्द ही बदलने वाली है। शहर में रिवरफ्रंट बनाने की तैयारी की जा रही है। 8 किमी लंबे इस रिवरफ्रंट के लिए बोट और ड्रोन सर्वे भी किया गया है और एक टीम पटना जाकर गंगा पाथ प्रोजेक्ट का जायजा लेगी।

Image

कानपुर में बनेगा गंगा रिवरफ्रंट (AI Image)

जिस तरह से गुजरात के अहमदाबाद में नर्मदा रिवर फ्रंट बनाया गया है, जिस तरह से लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट बनाया गया है। उसी तरह से कानपुर में भी गंगा रिवर फ्रंट को लेकर लंबे समय से बातचीत हो रही है। शुरुआत में प्लान बनाया गया था कि कानपुर में गंगा बैराज से सिद्धनाथ घाट तक 11.5 किमी लंबा गंगा रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। गंगा रिवरफ्रंट का प्रोजेक्ट एक बार फिर चर्चा में है और इसका शुरुआती चरण 8 किमी लंबा होगा। शनिवार 3 मई को तीन विभागों के इंजीनियरों की टीम ने तीन घंटे तक नाव से सर्वे किया। डिवीजनल कमिश्नर के विजयेंद्र पांडियन के निर्देश पर रिवरफ्रंट के लिए यह सर्वे गंगा बैराज से शुक्लागंज तक किया गया। इस सर्वे में ड्रोन्स की भी मदद ली गई, ताकि यहां के वीजुअल्स लिए जा सकें।

इंजीनयरों की एक टीम जल्द ही बिहार की राजधानी पटना का भी दौरा करेगी। टीम पटना में गंगा पाथ प्रोजेक्ट पर स्टडी करेगी। इस टीम की ऑब्जरवेशन और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर डिवीजनल कमिश्नर के जरिए राज्य सरकार को एक डिटेल रिपोर्ट सौंपी जाएगी। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डेवलमेंट एजेंडा के तहत गंगा रिवरफ्रंट एक प्रमुख प्रोजेक्ट है। प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम करना भी शुरू कर दिया है।

हालांकि, कानपुर में रिवरफ्रंट बनाने की योजना पहली बार साल 2013 में बनाई गई थी, लेकिन एक दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इस योजना पर काम नहीं हो पाया। 29 अगस्त 2024 को यहां के GIC ग्राउंड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ ने गंगा रिवरफ्रंट की योजना को एक बार फिर से जिंदा कर दिया।

रिवरफ्रंट बनने से यहां पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गंगा नदी की सफाई होगी और यहां पर मरीन लाइफ पर भी असर पड़ेगा। शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए एक और पर्यटन स्थल विकसित होगा। जहां पर घूमने के लिए पार्क के साथ ही खाने-पीने की दुकानें भी मौजूद होंगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article