Mumbai Jaunpur Vande Bharat Express: यूपी वासियों के लिए खुशखबरी, मुंबई-जौनपुर के बीच चलेगी वंदे भारत ट्रेन! लोकसभा चुनाव से पहले मिल सकती है सौगात

Mumbai Jaunpur City Vande Bharat Express: मुंबई से यूपी के लिए वंदे भारत एक्‍सप्रेस लोकसभा चुनाव से पहले चलाई जा सकती है। मुंबई से जौनपुर सिटी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी की जा रही है।

मुंबई: भारतीय रेल लगातार देश को वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दे रहा है। खासकर, दिल्ली से विभिन्न शहरों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित हैं, लेकिन औद्योगिक नगरी मुंबई से उत्तर प्रदेश के बीच चलने वाले यात्रियों को इस ट्रेन के चलने का इंतजार है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि लोकसभा चुनाव से पहले यूपीवासियों की झोली में मुंबई-जौनपुर वंदे भारत की सौगात आ सकती है। पिछले दिनों महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री की मांग पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सैद्धांतिक सहमति देते हुए इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने की मंजूरी दे दी थी। मुंबई से जौनपुर सिटी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने से प्रदेश के कई जिलों के यात्र‍ियों को सहूलियत मिलेगी।

Mumbai Jaunpur City Vande Bharat Express

मुंबई-जौनपुर के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस

वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से मिलेगी सहूलियत

आपको बता दें कि बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश के लोग महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रोजगार के वास्ते जाते हैं। इस रूट पर कम गाड़ियों में ज्यादा लोग सफर करते हैं। कई एक्सप्रेस ट्रेनों की टिकटे लंबे समय तक कंफर्म नहीं होती हैं। लिहाजा, यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभी मुंबई से उत्तर भारत की रेल यात्रा करना इतना आसान नहीं है। ऐसे में मुंबई से जौनपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जाए तो इससे जौनपुर के साथ-साथ भदोही, प्रतापगढ़, सुलतानपुर और वाराणसी सहित आसपास के कई जिलों के रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बताया गया कि जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने के लिए उसका रूट सर्वे होगा। रूट सर्वे में ट्रेन का ठहराव, रूट, टाइमिंग तय होगी। अभी जौनपुर सिटी नहीं, जौनपुर जंक्शन से ट्रेन है। वह भी सप्ताह में पांच दिन चलती है। यह ट्रेन अधिक समय भी लेती है।

End of Feed