Mumbai Weather: मुंबई में सीजन की पहली आंधी और बारिश ने ही कहर मचा दिया है। आंधी इतनी तेज थी कई जगहों पर पेड़ों के उखड़ने की खबर है। सबसे बड़ी घटना मुंबई के घाटकोपर इलाके इलाके में घटी, जहां एक बड़ी हॉर्डिंग पेट्रोल पंप पर जा गिरी। इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई है। 74 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है।
मुंबई में लोगों पर गिरी होर्डिंग
100 लोगों के दबे होने की आशंका
कहा जा रहा है कि होर्डिंग के नीचे 100 लोग दबे हो सकते हैं। जिसमें से करीब 74 लोगों को निकाल लिया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा शाम चार बजकर करीब 30 मिनट पर छेदानगर जिमखाना के नजदीक हुआ। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची
बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आयुक्त भूषण गगरानी ने बताया कि एनडीआरएफ की एक टीम भी मौके पर बचाव कार्य के लिए पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि क्रेन और गैस कटर को भी बचाव अभियान के लिए मौके पहुंचाया गया है। घायलों को नगर निगम द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया है।
अवैध रूप से लगाई गई थी होर्डिंग
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि घाटकोपर में जिस होर्डिंग के कारण दुर्घटना हुई, वह अवैध तरीके से लगाया गया था। ईजीओ मीडिया द्वारा 4 होर्डिंग लगाए गए थे, 1 को हटा दिया गया है और बाकी 3 को हटाने के लिए बीएमसी ने नोटिस दिया है। इस मामले में बीएमसी की तरफ से भी केस दर्ज कराया जाएगा।
