Thane News: ठाणे में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक मनसे कार्यकर्ता एक हिंदी भाषी बुजुर्ग महिला को थप्पड़ मारती हुई नजर आ रही है। यह विवाद लोकल ट्रेन में धक्का लगने की मामूली बात से शुरू हुआ था, जिसके बाद अब इसे हिंदी बनाम मराठी का मुद्दा बना दिया गया है।
MNS कार्यकर्ता ने एक हिंदी भाषी महिला को मारा थप्पड़
ट्रेन से शुरू हुआ विवाद
यह घटना ठाणे के कलवा इलाके की बताई जा रही है। मनसे के एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट किए गए वीडियो के मुताबिक, MNS की पदाधिकारी स्वरा काटे के पति अर्जुन काटे ट्रेन से उतरते समय गलती से एक महिला से टकरा गए थे। जिसके लिए उन्होंने तुरंत माफी भी मांगी, लेकिन उस महिला ने गुस्से में आकर उन्हें गालियां दीं। MNS का आरोप है कि महिला ने मराठी लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। इस घटना के थोड़ी देर बाद अर्जुन की पत्नी स्वरा काटे वहां पहुंची। उन्होंने अपने पति पर हुए हमले का विरोध किया और महिला को गुस्से में थप्पड़ भी जड़ दिया।
MNS दफ्तर में महिला से मंगवाई माफी
इस घटना का पता चलते ही MNS के कार्यकर्ताओं ने उस महिला को ढूंढ निकाला। जिसके बाद उसे MNS कार्यालय बुलाया गया। जहां उस हिंदी भाषी महिला से माफी मांगने को कहा गया। जब वह माफी मांग रही थी, तभी स्वरा ने सबके सामने महिला को थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस दौरान तीन पुरुष नेता भी वहां मौजूद थे, जबकि पीड़ित महिला की बेटी और परिजन भी मौके पर थे।
मनसे नेता विनायक बिटला ने यह वीडियो फेसबुक पर साझा किया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी मराठी भाषा या मराठी लोगों का अपमान करेगा, उसे “सबक सिखाया जाएगा।” इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर मनसे की इस हरकत की कड़ी आलोचना हो रही है।
