मुंबई: महाराष्ट्र समेत देशभर में गणेश चतुर्थी श्रद्धा और आस्था से मनाई जा रही है। मुंबई में कई जगहों पर गणेश भक्तों ने अपने आराध्य देव गणपति बाप्पा के स्वागत के लिए आकर्षक और खास तैयारियां की हैं फिर चाहे वो घरेलू गणपति हों या सार्वजनिक गणपति। ऐसी ही एक आकर्षक थीम मुंबई के सांताक्रूज इलाके में देखने मिली जहां एक गणेशभक्त ने अपने घर के भीतर ही बाप्पा को वंदे भारत पर विराजमान किया है।
पेशे से इंटीरियर डिजाइनर दीपक मकवाना पिछले 32 सालों से अपने घर पर गणेश जी स्थापित करते हैं और खास बात ये है कि यहां हर साल भारत को गौरवान्वित करने वाले विकास के लेटेस्ट प्रोजेक्ट्स पर थीम होती है। इससे पहले इनके घर बांद्रा वर्ली सी लिंक, T2 इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई मेट्रो, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, कोस्टल रोड प्रोजेक्ट, अयोध्या राम मंदिर जैसी कई खास झांकियां तैयार की जा चुकी हैं।
वंदे भारत के जरिए भारत की गति और प्रगति भी दिखाई देती है। तकरीबन 40 हजार की लागत और तकरीबन एक महीने की मेहनत के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस की ये भव्य झांकी तैयारी की गई। दीपक को मोस्ट इनोवेटिव इंडोर गणपति डेकोरेशन के अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन और प्रधानमंत्री मोदी जी के विज़न को नमन करने के लिए ये थीम रखी गई है। इस साल भी इलाके के लोगों में इस नजारे को देखने की काफी उत्सुकता है।
(राकेश त्रिवेदी की रिपोर्ट)
