Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के पूर्व जवान ने पोते की पिटाई से नाराज होकर अपने बेटे पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि चार वर्षीय पोते की पिटाई करने पर उसने अपने बेटे और बहू को फटकार लगाई थी। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और बुजुर्ग व्यक्ति ने गुस्से में आकर लाइसेंसी राइफल से अपने बेटे पर गोली चला दी। पड़ोसियों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंची। पुलिस ने बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटे के पैर में लगी गोली
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना सोमवार रात चिंतामणि नगर इलाके की है। सीआरपीएफ का पूर्व जवान वर्तमान में बैंक की नकदी ले जाने वाली वैन के लिए सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है। अधिकारी ने बताया कि पैर में गोली लगने से घायल हुए आरोपी के बेटे को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हत्या के आरोप में गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति को हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पोते की पिटाई करने को लेकर वह बेटे से नाराज था जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
