Mumbai Gas Cylinder Explosion: मुंबई में बुधवार सुबह एक गैस सिलेंडर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। जिससे एक दुकान में आग लग गई और सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में 6 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू पाया। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सांकेतिक फोटो (istock)
कांदिवली (पूर्व) में मिलिट्री रोड पर अकुरली मेंटेनेंस चौकी के पास राम किसान मेस्त्री चॉल की दुकान में सुबह 9.05 बजे आग लग गई। एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि आग एक मंजिला दुकान में बिजली के तारों, खाद्य पदार्थों, एलपीजी सिलेंडर और गैस स्टोव तक ही सीमित थी। इस हादसे में सात लोग घायल हो गये हैं। जिनमें तीन लोग लगभग 90 प्रतिशत तक जल गये हैं।
तीन लोग 90 फीसदी जले
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया किआग गैस सिलेंडर फटने के कारण लगी। बीडीबीए अस्पताल में भर्ती होने वालों में रक्षा जोशी (47), दुर्गा गुप्ता (30) शामिल हैं, जो 85 से 90 प्रतिशत तक जल चुकी हैं। घटना में पूनम (28) भी 90 प्रतिशत तक जल चुकी हैं। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल भेज दिया गया।
दमकल की 4 गाड़ियों ने बुझाई आग
अधिकारियों ने बताया कि ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों की पहचान नीतू गुप्ता (31) के रूप में हुई है जो 80 प्रतिशत जली हैं, जानकी गुप्ता (39) और शिवानी गांधी (51) दोनों 70 प्रतिशत जली हैं, तथा मनाराम कुमाकट (55) 40 प्रतिशत जल गए हैं। उन्होंने बताया कि चार दमकल गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचे और सुबह 9.33 बजे तक आग बुझा दी गई।
(इनपुट - भाषा)
