Nagpur College Car Stunt: नागपुर में जी. एच. रायसोनी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक कॉलेज इवेंट के दौरान कार द्वारा खतरनाक स्टंट प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से सनसनी फैल गई है। यह घटना कॉलेज के कैंपस में हुई, जहाँ एक ड्राइवर ने इवेंट के दौरान तेज रफ्तार में कार घुमा कर स्टंट किए। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार कैंपस में मौजूद छात्रों के बीच जोखिम भरे तरीके से घूम रही थी। कई छात्र बहुत ही करीब खड़े थे, और अगर थोड़ी सी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
खतरनाक गतिविधि की अनुमति क्यों दी गई?
कॉलेज प्रशासन से जब इस घटना के बारे में सवाल किया गया, तो पीआरओ अमित गंधारे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “शनिवार को हमारे कॉलेज में ‘रफ्तार’ नामक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान कार का यह स्टंट प्रदर्शन हुआ। जैसे ही हमें इसकी जानकारी मिली, प्रशासन ने तुरंत इस पर रोक लगा दी। हालांकि, यह सवाल अब भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि कैंपस में ऐसी खतरनाक गतिविधि की अनुमति क्यों दी गई। अगर कोई छात्र चोटिल हो जाता या गंभीर हादसा होता, तो जिम्मेदारी किसकी होती, यह अब सवाल बन गया है।
घटना पर नाराजगी जता रहे हैं स्थानीय लोग और छात्र
स्थानीय लोग और छात्र इस घटना पर नाराजगी जता रहे हैं और उनका मानना है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की जोखिम भरी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल भविष्य में ऐसे आयोजनों में अधिक सतर्कता बरतने का आश्वासन दिया है। यह घटना कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्थाओं और आयोजकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करती है। कॉलेज ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
