शहर

छठ और दीवाली पर घर जाने का है प्रोग्राम तो Indian Railways लेकर आया अच्छा गिफ्ट प्लान, जानें 5 प्वाइंट्स में

त्योहार पर घर जाना हो तो सबसे पहली तैयारी ट्रेन की टिकट बुक करने से होती है। ट्रेन की टिकट मिलना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। इस त्योहारी सीजन में भारतीय रेलवे ने आपकी यात्रा को शुभ बनाने के साथ ही किफायती बनाने की भी तैयारी कर ली है। कहा जा सकता है कि त्योहारी सीजन में रेलवे आपके लिए गिफ्ट प्लान लेकर आया है।

Image

भारतीय रेलवे ने त्योहारी सीजन के लिए की खास तैयारी (Photo - PTI)

Photo : PTI

अगस्त का महीना आधा बीतने को है। रक्षा बंधन का त्योहार मनाया जा चुका है। अब इसी सप्ताह 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के त्योहार हैं। यानी साल का वह समय आ गया है, जब एक के बाद एक त्योहार आते हैं और हम सब हर्षोल्लास से भर जाते हैं। त्योहारों में बाजारों की रौनक अलग ही होती है। तमाम कंपनियां, स्टोर और सर्विस सेक्टर से जुड़ी फर्म छूट का ऐलान करती हैं। इस दौरान हम और आप यात्रा भी काफी ज्यादा करते हैं। जब भारत जैसे देश की बात हो तो यात्रा का मतलब भारतीय रेलवे होता है। इस त्योहारी सीजन के लिए रेलवे ने भी अच्छी तैयारी की है। तभी तो रेलवे अपने यात्रियों को इस त्योहारी सीजन में खास गिफ्ट दे रही है। चलिए जानते हैं।

टिकट में 20 प्रतिशत छूट

रेलवे ने दिवाली और छठ जैसे महापर्वों के दौरान ट्रेन टिकट की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक खास योजना की घोषणा की है। दिवाली और छठ पर बड़ी संख्या में प्रवासी अपने गांव, शहर और प्रदेश की ओर जाते हैं और फिर त्योहार के बाद वापस लौटते हैं। ऐसे ही यात्रियों को ध्यान में रखकर रेलने ने 'राउंड ट्रिप पैकेज' नाम से योजना तैयार की है। इस योजना के तहत टिकट बुक करने वाले यात्रियों को बेसिक फेयर में 20 फीसद की छूट दी जाएगी।

पायलट प्रोजेक्ट

रेलवे का 'राउंड ट्रिप पैकेज' एक पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर शुरू किया जा रहा है। इसके तहत सिर्फ उन यात्रियों को 20 फीसद छूट मिलेगी, जो तय अवधि में अपनी वापसी की यात्रा भी बुक करेंगे। बड़ी बात ये है कि इस योजना के तहत वापसी की टिकट बुक करने पर 60 दिन पहले बुकिंग की सामान्य सीमा भी लागू नहीं होगी।

ट्रेनों में राउंड ट्रिप पैकेज के लिए कब शुरू होगी बुकिंग?

'राउंड ट्रिप पैकेज' के तहत आपके लिए टिकटों की बुकिंग गुरुवार 14 अगस्त से शुरू हो जाएगी। इस दौरान यात्रा का टिकट 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच होगी और वापसी की टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच होगी। टिकट बुक करते समय आपको तय समय सीमा के अंदर अपनी यात्रा और तय की गई वापसी की समय सीमा के भीतर वापसी की टिकट दोनों एक साथ बुक करनी होंगी। साथ ही ध्यान रखें कि टिकट कैंसिल करने पर आपको किसी तरह का रिफंड नहीं मिलेगा।

कैसे बुक होगी ट्रेन में राउंड ट्रिप पैकेज की टिकट?

'राउंड ट्रिप पैकेज' के तहत 20 फीसद छूट का लाभ उठाने के लिए आपको टिकट बुक करते समय 'कनेक्टिंग जर्नी' फीचर का इस्तेमाल करना होगा। इस योजना का लाभ उठाने के लिए आप ऑनलाइन या स्टेशन काउंटर से दोनों टिकटें एक साथ बुक कर सकते हैं। इसमें आने-जाने की दोनों टिकटें अलग-अलग माध्यम से लेना अलाउड नहीं है। यानी आप एक टिकट ऑनलाइन और एक स्टेशन काउंटर से ऑफलाइन नहीं ले सकते।

किन ट्रेनों में राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम लागू नहीं होगी?

'राउंड ट्रिप पैकेज' के तहत 20 फीसद छूट तो मिलेगी, लेकिन कुछ प्रीमियम ट्रेनों में यह योजना लागू नहीं होगी। इसमें शामिल हैं वंदे भारत, राजधानी एक्सप्रेस, तेजस, दुरंतो और शताब्दी। हालांकि, रेलवे मंत्रालय के अनुसार यह योजना सभी श्रेणियों और विशेष ट्रेनों (त्योहार स्पेशल) में लागू होगी। लेकिन फ्लेक्सी किराए वाली ट्रेनों में यह योजना लागू नहीं होगी।

कन्फर्म टिकट पर ही मिलेगी 20 फीसद छूट

एक और गौर करने वाली बात यह है कि आपको 20 फीसद छूट तभी मिलेगी, जब दोनों दिशाओं में कन्फर्म टिकट मिलेगी। यानी एक तरफ कन्फर्म और एक तरफ वेटिंग टिकट मिलने पर आपको 20 फीसद छूट का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा वापसी टिकट बुकिंग के समय किसी प्रकार की अन्य छूट, रेल ट्रैवल कूपन, वाउचर-आधारित बुकिंग, पास या PTO भी मान्य नहीं होंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article