शहर

कल का मौसम 12 August 2025: उत्तराखंड, UP, बिहार और मध्य प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

Kal Ka Mausam, 12 August 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: सावन का महीना खत्म होकर अब भादौ लग गया है। मानसूनी बादलों ने अब भी घेरा डाला हुआ है। उत्तराखंड, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश सहित तमाम बड़े-बड़े राज्यों में अगले कुछ दिन भयंकर बारिश की चेतावनी दी गई है। चलिए जानते हैं विस्तार से -

Image

कल का मौसम कैसा रहेगा

Photo : Times Now Digital

Kal ka mausam: मानसूनी बारिश से पूरा देश भीग रहा है। खासतौर पर उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों जमकर बारिश हो रही है। भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के चलते नदियां उफान पर हैं। मैदानी इलाकों में नदियां अपने तटबंध तोड़ रही हैं और आबादी के इलाकों में पानी घुस रहा है। आज और कल भी देश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खासतौर पर उत्तराखंड के हरिद्वार, पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और कूचबिहार, सिक्किम के मंगन, आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले, मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स, असम के बरपेटा, झारखंड के पाकुर, ओडिशा के क्योंझरगढ़ और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आज बहुत भारी बारिश की संभावना है।

पिछले 24 घंटे का मौसम

बात पिछले 24 घंटे के मौसम की करें तो उत्तराखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से अत्यंत भारी (21 सेमी या इससे ज्यादा) बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय और रायलसीमा में 7-20 सेमी तक की भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। जम्मू-कश्मीर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु और उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक के कुछ इलाकों में 7-11 सेमी तक की भारी बारिश दर्ज की गई है।

कल का मौसम कैसा रहेगा?

पहाड़ी राज्यों विशेष तौर पर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए इस बार का मानसून किसी डरावने सपने से कम नहीं। दोनों पहाड़ी राज्यों में मानसून के दौरान भारी बारिश और बादल फटने की कई घटनाएं हुए हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर अगले 7 दिनों के तक भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर 11 और 13 अगस्त, 2025 को अत्यंत भारी (≥21 सेमी) बारिश की संभावना है।

इसके अलावा पूर्वी मध्य भारत और उससे सटे उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में बारिश से जुड़ी की गतिविधियों में वृद्धि देखने को मिलेगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में बुधवार 13 से 17 अगस्त के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का एक नया दौर शुरू होगा। तेलंगाना में 14 और 15 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 11 से 14 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 और 12, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में 12 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी भारत का मौसम

उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आज से 13 अगस्त तक भारी से अत्यंत भारी की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकोंमें 13-15 अगस्त, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में 11-17 अगस्त तक, हरियाणा, चंडीगढ़ में 11 और 13-15 अगस्त, उत्तर प्रदेश में 11-15 अगस्त, पूर्वी राजस्थान में 15-17 अगस्त तक अत्यंत भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड के अन्य इलाकों में अगले सात दिन हल्की से मध्य बारिश के साथ बिजली चमकने की घटनाएं होंगी।

उत्तर पूर्वी भारत में कैसा रहेगा मौसम?

कल यानी मंगलवार 12 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश व मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 11 से 15 अगस्त तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघायल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के भारी बारिश हो सकती है। आज यानी 11 अगस्त को अरुणाचल, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। यही नहीं अगले तीन दिनों तक उत्तर-पूर्वी राज्यों के अन्य इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्य स्तर की बारिश की भी हो सकती है।

दक्षिण भारत में मौसम की चाल क्या रहेगी?

मौसम विभाग के अनुसार तेलंगाना के कुछ इलाकों में 14-15 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। 13-17 अगस्त तक कर्नाटक, 11-15 तक रायलसीमा, 11-17 अगस्त तक तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, 11-13 तक तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकनाल, 12 अगस्त को केरल के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। 14-17 अगस्त तक तटीय आंध्र प्रदेश, 13-17 तेलंगाना में भी भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा अगले दो दिन पूरे दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 4-0-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। यही नहीं रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के अन्य इलाकों में अगले 5 दिन हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान है।

पूर्वी और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम

आज और कल उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 14 से 17 अगस्त तक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 से 17 अगस्त तक, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 11 से 17 अगस्त तक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 12 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 13 व 14 अगस्त, बिहार में 11 से 14 अगस्त, ओडिशा में 14 और 15 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

यही नहीं अगले पांच दिनों तक इस क्षेत्र में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके अलावा अंडमान एवं निकोबार में 11 से 13 अगस्त तक 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

पश्चिमी भारत के मौसम का हाल

बात पश्चिमी भारत के मौसम की करें तो यहां मध्य महाराष्ट्र में 13 से 17 अगस्त तक, कोंकण और गोवा में 12-17 अगस्त तक, मराठवाड़ा में 15 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। यही नहीं 16-17 अगस्त को कोंकण और गोवा के साथ घाट के इलाके व मध्य महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा अगले सात दिनों तक इस क्षेत्र के अन्य इलाकों में हल्की से मध्य स्तर की बारिश का अनुमान है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article