Mumbai or Pune: मुंबई और पुणे दोनों की महाराष्ट्र के फेमस शहरों में शामिल हैं। मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी भी कहा जाता है। वहीं पुणे महाराष्ट्र की कल्चर कैपिटल कहलाती है। दोनों ही शहरों की अपनी-अपनी विशेषताएं है। एक तरफ जहां मुंबई को सपनों के नाम से भी जाना जाता है, वहीं पुणे को दक्कन की रानी भी कहा जाता है। इन दोनों शहरों में कौन सा शहर रहने के लिए बेहतर है, यह कई कारकों पर निर्भर करता है जैसे रहने की लागत, परिवहन पर खर्चा, किराया आदि। अगर आपके मन में भी इन दोनों शहरों को लेकर यही सवाल है, तो आज आपकी ये कंफ्यूजन दूर होने वाली है। आइए जानते हैं कि दोनों शहरों में से आपके लिए कौन सा बेस्ट है।
मुंबई और पुणे शहर
दोनों शहरों में रहने की लागत
मुंबई और पुणे दोनों ही महंगे शहरों में शामिल हैं, लेकिन इनमें भी मुंबई को पुणे की तुलना में ज्यादा महंगा बताया जाता है। मुंबई में एक बेडरुम वाले अपार्टमेंट का औसतन किराया 40-70 हजार रुपये प्रति माह के करीब है। वहीं पुणे में आपको 15 से 30 हजार रुपये प्रति माह किराया देना पड़ सकता है। इसके अलावा किराने का सामान या बाहर खाना खाने के लिए भी मुंबई पुणे की तुलना में महंगा पड़ जाएगा। इसके अलावा मुंबई के रेस्तरां और कैफे भी पुणे से महंगे हैं।
परिवहन में खर्चा
परिवहन के मामले में भी पुणे की तुलना में मुंबई की लागत अधिक है। मुंबई में परिवहन का खर्चा पुणे की तुलना में ज्यादा है। यहां पर एक महीने का सार्वजनिक परिवहन पास बनाने के लिए करीब एक हजार से 1500 रुपये लग सकते हैं, जबकि पुणे में इसके लिए आनुमानित लागत 800 से 1000 रुपये है। इसके अलावा पार्किंग की लागत भी मुंबई में अधिक है।
बिजली-पानी का खर्च
जीवनयापन के खर्चे में बिजली, पानी और गैस का भी अहम योगदान है। इस मामले में भी मुंबई ही पुणे से महंगा है। यहां पर मानक 85 वर्ग मीटर अपार्टमेंट के लिए एक महीने का बिजली पानी आदि का बिल 3 से 6 हजार के आसपास रह सकता है। हालांकि यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसका उपयोग कितनी मात्रा में कर रहे हैं अगर आप बिजली का इस्तेमाल ज्यादा करेंगे और आपका अपार्टमेंट भी बड़ा है तो आपका बिजली बिल अधिक आएगा। वहीं इसी मामले में पुणे में आपका बिल आनुमानित तौर पर 2500 से 4500 तक आ सकता है। ये सिर्फ अनुमानित राशि है, आपका बिल इससे कम या ज्यादा भी हो सकता है।
मेडिकल का खर्चा
मुंबई और पुणे दोनों ही शहरों में मेडिकल फील्ड काफी विकसित है, यहां आपको एक से अच्छे एक हॉस्पिटल मिल जाएंगे। मुंबई में किसी डॉक्टर का परामर्श सुल्क या हॉस्पिटल बिल पुणे से अधिक हो सकता है। इस मामले में भी पुणे मुंबई से ज्यादा किफायती है।
