मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कस्टम्स विभाग ने ऐसी बरामदगी की है जिसने सबको हैरान कर दिया। बैंकॉक से फ्लाइट VZ-760 के जरिए आए एक यात्री के ट्रॉली बैग से एक-दो नहीं बल्कि 60 से ज़्यादा जीव-जंतु बरामद किए गए। इनमें कई दुर्लभ और विदेशी प्रजातियां शामिल हैं।
बैग से निकले 60 दुर्लभ जीव (फोटो:Customs Zone-III Mumbai)
विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे जीव-जंतु न केवल अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में ऊँचे दामों पर बिकते हैं बल्कि भारत के पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा भी पैदा कर सकते हैं। इनमें से कई प्रजातियां “संकटग्रस्त” मानी जाती हैं।
कुल मिलाकर, यह बरामदगी भारत में वन्यजीव तस्करी के सबसे बड़े मामलों में से एक मानी जा रही है।
बरामदगी की लिस्ट किसी चिड़ियाघर से कम नहीं–
- मीयरकैट (Meerkat) – 2
- हाइरैक्स (Hyrax) – 2
- शुगर ग्लाइडर – 4
- लार्ज फिग-आइड तोते – 4 (मृत अवस्था में)
- ग्रीन बैसिलिस्क लिज़र्ड – 10
- लीपर्ड टॉर्टॉइज़ – 20
- अल्बिनो रेड इयर्ड स्लाइडर कछुए – 4
- ब्लू टंग स्किंक – 1
- बियर्डेड ड्रैगन – 12
- ड्यूमरेल मॉनिटर लिज़र्ड – 1
- क्विंस मॉनिटर लिज़र्ड – 2
- वॉटर मॉनिटर लिज़र्ड – 5
अधिकारियों का कहना है कि यात्री ने इन जीवों को ट्रॉली बैग में छिपाकर लाने की कोशिश की थी, लेकिन गुप्त सूचना पर हुई तलाशी में पूरी तस्करी बेनकाब हो गई। पकड़े गए आरोपी को कस्टम्स एक्ट, 1962 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
कस्टम्स अधिकारियों ने कहा है कि इस तरह की अवैध तस्करी पर लगातार पैनी नज़र रखी जा रही है। आने वाले समय में हवाईअड्डों और सीमाओं पर निगरानी और सख्त की जाएगी। मुंबई एयरपोर्ट पर हुई यह सनसनीखेज़ कार्रवाई साफ दिखाती है कि तस्कर चाहे कितनी भी चालाकी क्यों न करें, कानून की नज़र से बच पाना आसान नहीं।
