Mumbai News: गणेशोत्सव के भारी उत्साह के बीच मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार तड़के एक गणपति पंडाल के पास करंट लगने से एक आठ साल की बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा तड़के करीब 2:20 बजे कालाचौकी स्थित दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुआ। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय पूरे लालबाग क्षेत्र में गणेशोत्सव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी।
लालबाग गणपति पंडाल के पास तड़के 2:20 बजे हादसा
2:42 बजे फायर ब्रिगेड को मिली सूचना, शुरू हुआ राहत-बचाव कार्य
नागरिक अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) को तड़के 2:42 बजे दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बेस्ट (BEST) के तकनीकी दल और स्थानीय नागरिक वार्ड कार्यालय के अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में झुलसे लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। 5 घायलों को बायकुला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया और अन्य घायलों को परेल के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अमृतसर ASI हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पाकिस्तानी हैंडलर ने हत्यारों को बोला था- लॉयल्टी साबित करो
8 वर्षीय बच्ची और महिला ने तोड़ा दम
अस्पताल सूत्रों और नागरिक अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने 8 वर्षीय बच्ची रागिनी घनश्याम यादव को अस्पताल लाते ही मृत घोषित कर दिया और इलाज के दौरान एक महिला ने भी दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान और अन्य विवरण अभी सामने नहीं आई है। मसीना अस्पताल में भर्ती अन्य चार घायलों का इलाज जारी है, जिनकी पहचान किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रूही सिंह (12) के तौर पर हुई है।
