Gold Smuggling: मुंबई में सोने की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन को “ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज” नाम (Dahabu Blitz Operation) दिया गया था। इस दौरान करीब 30 किलो सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 38 करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही 24 महिला कैरियर को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, DRI को पहले से ही इस तस्करी के बारे में खास सूचना मिली थी। इसी के आधार पर अधिकारियों ने 8 अप्रैल 2026 को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी।
29.37 किलो सोना जब्त
जांच के दौरान नैरोबी से आने वाली महिलाओं के एक समूह पर शक हुआ, जिन्हें बाद में रोका गया। तलाशी लेने पर इन महिलाओं के पास से भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ। इसमें 25.10 किलो सोने की छड़ें और 4.27 किलो सोने के आभूषण शामिल थे। इस तरह कुल मिलाकर 29.37 किलो सोना जब्त किया गया। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ कि यह कोई साधारण मामला नहीं, बल्कि एक बड़े और संगठित गिरोह की करतूत है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह बेहद चालाकी से काम करता है। पकड़े जाने से बचने के लिए यह लोग ट्रेनिंग प्राप्त कैरियर का इस्तेमाल करते हैं और पूरी योजना के साथ तस्करी को अंजाम देते हैं।

(Photo: Times Now Navbharat)
सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी
अलग-अलग लोगों के जरिए सोना लाकर उसे देश में फैलाया जाता है, जिससे पकड़ना मुश्किल हो जाता है। DRI की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। एजेंसी ने साफ किया है कि ऐसे नेटवर्क देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं और गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं। इसलिए इन पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस जांच से तस्करी के इस बड़े रैकेट की और भी परतें खुलेंगी।
