Mumbai News: मुंबई में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर अत्यधिक शराब पीने से 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ताडदेव पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, यह घटना वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित ’क्लांगकुंस्टलर ऑल नाइट लॉन्ग’ संगीत कार्यक्रम के दौरान तड़के हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Jabalpur News: लाइसेंसी बंदूक बनी जानलेवा! भाजपा नेता संगीता रजक की गोली लगने से मौत
शराब के अत्यधिक सेवन से गई जान
अधिकारी ने बताया कि पुरुष और महिला दोनों कार्यक्रम में शामिल हुए थे और नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर कॉकटेल समेत अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान अस्पताल में युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि महिला का इलाज हो रहा है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi: प्रोफेसर देबोस्मिता हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, बंगाल से कातिल पति-पत्नी गिरफ्तार; प्रॉपर्टी का था विवाद
मुंबई पुलिस ने दर्ज की आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि शरीर में पानी की कमी व्यक्ति की मौत का एक कारण हो सकती है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारण का पता आगे की जांच के बाद ही चल सकेगा। ताड़देव पुलिस ने इस संबंध में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में शामिल हुए दो एमबीए छात्रों की कथित तौर पर मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन के कारण मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
(इनपुट - भाषा)
