MP News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में बैंक लूट (Bank Robbery) की एक बड़ी वारदात ने सनसनी फैला दी है। जहां हथियारबंद बदमाशों ने एक बैंक में घुसकर करोड़ों के सोने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अब इस मामले में बिहार से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को हुई इस बैंक लूट में 5.7 करोड़ रुपये के सोने और नकदी की लूट हुई। पुलिस इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में हुई इस घटना में केवल 14 लाख रुपये की लूट की बात कही गई थी, लेकिन जांच में सामने आया कि कुल 5.7 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और नकदी लूटी गई थी। उन्होंने बताया कि सिंगरौली जिला उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगा हुआ है, जिससे आरोपियों के भागने में आसानी हुई। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने भोपाल में बताया कि लुटेरों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार पुलिस की सहायता ली गई है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
हथियार के बल पर बैंक में लूट
कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पांच संदिग्धों में से एक को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि पांच हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार को बैंक परिसर में घुसकर सोने के आभूषण और करीब 20 लाख रुपये नकद लूट लिए। उन्होंने बताया कि लुटेरों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक के बल पर धमकाया, गोलियां चलाईं और कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की। उन्होंने कहा, ’’एक संदिग्ध ने बैंक प्रबंधक पर पिस्तौल तानकर सोने के लॉकर की चाबी मांगी, उसे थप्पड़ मारा और तुरंत चाबी न देने पर गोली मारने की धमकी दी।’’
CCTV में रिकॉर्ड हुए तीन संदिग्धों के चेहरे
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने लोगों को फर्श पर बैठने के लिए मजबूर किया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
खत्री ने बताया कि लुटेरों ने स्ट्रॉन्ग रूम से छह लाख रुपये, कैश काउंटर से 14.2 लाख रुपये और करीब 5.5 करोड़ रुपये का सोना लूटा, जो ग्राहकों द्वारा ऋण के बदले गिरवी रखा गया था। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि आरोपी दो मोटरसाइकिलों से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर की ओर भागे और बाद में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रवेश कर गए। उन्होंने बताया कि बाद में एक संदिग्ध को बिहार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, तीन संदिग्धों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुए हैं। बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के चलते शनिवार को शाखा ग्राहकों के लिए बंद रही।
(इनपुट - भाषा)
