शहर

प्यार में नाकाम होने के बाद भाजपा नेता का खूनी खेल, प्रेमिका के खून का बना प्यासा...मां-भाई की चढ़ गई बली! खंडवा में मची सनसनी

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के मूंदी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में असफल होने के बाद एक भाजपा नेता द्वारा कथित रूप से की गई हिंसक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Image

बैसाखी के सहारे चलकर अदालत में पेश हुआ आरोपी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Khandwa BJP Leader Arrest: खंडवा जिले में एक कथित एकतरफा प्रेम-प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक भाजपा से जुड़े नेता पर अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपी ने इस पूरी वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में साजिश का खुलासा हो गया।

दो लोगों की मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार, एक कार में सवार सौरभ अपनी मां सुमन बाई, भाई-बहन और साले के साथ मूंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक काली कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में सौरभ और उनकी मां सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सारिका, रविंद्र राठौर और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

भाजपा नेता है आरोपी

पहले इस घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना माना गया था, लेकिन दो दिन बाद गहन जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। ग्रामीणों ने बताया कि गाड़ी को सनावद निवासी लवकुश चला रहा था, जो भाजपा से जुड़ा एक सक्रिय नेता बताया जाता है। करीब 45 वर्ष के लवकुश विवाहित हैं और उनके दो बच्चे भी हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का घायल युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

दो बार जोरदार टक्कर मारी

लेकिन युवती की शादी 21 अप्रैल को कहीं और तय हो चुकी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित रूप से परिवार को खत्म करने की साजिश रची। बताया जा रहा है कि जब परिवार शादी की खरीदारी के लिए जा रहा था, तभी आरोपी ने उनकी कार को जानबूझकर एक नहीं बल्कि दो बार जोरदार टक्कर मारी। शुरुआत में इसे दुर्घटना समझा गया, लेकिन बाद में जांच में यह पूरी घटना सुनियोजित साजिश निकली।

आरोपी को जेल भेजने का आदेश

घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद न्यायालय ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया। इस दौरान आरोपी बैसाखी का सहारा लेकर चलता हुआ दिखाई पड़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि पूरी घटना के पीछे के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सके। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में गुस्सा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article