मध्य प्रदेश का मौसम (MP में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 Jan 2026: मध्य प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड सता रही है। सर्द हवाओं के चलते दिन में ठिठुरन से राहत नहीं मिल रही है। साथ ही तापमान भी लगातार कम हो रहा है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। शनिवार को खुजराहो में 3.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं दतिया में सबसे ठंडा दिन रहा। एमपी में कोल्ड डे और घने कोहरे की चपेट में कई जिले बने हुए हैं। आज 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया गया है।
एमपी में ठंड (सांकेतिक - istock)
मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। आज सुबह 20 से अधिक जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। जिनमें ग्वालियर, श्योपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीहोर, गुना, अशोकनगर, इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रायसेन, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, शाजापुर, देवास, विदिशा शामिल हैं। वहीं ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, निवाड़ी और छतरपुर में सर्द हवाएं चलने की संभावना है। जिससे दिन में ठंड का एहसास बना रहेगा। इसके अलावा निवाड़ी और दतिया समेत कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति भी रह सकती है।
एमपी में कब मिलेगी ठंड से राहत
एमपी में आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आगामी 2 दिन तक प्रदेश में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। लेकिन 3 दिन बाद फिर से तेज ठंड का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी हिस्से में एक्टिव है। इस सिस्टम के आगे बढ़ने से ठंड का असर भी बढ़ेगा। साथ ही तापमान में भी गिरावट के आसार हैं।
MP के 25 शहरों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में शनिवार को 25 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। खजुराहो में लगातार दूसरे दिन सबसे सुबह रही। यहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम अधिकतम तापमान दतिया में 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। खंडवा में सबसे अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
