भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुंबई से धर दबोचा है। आरोपी की पहचान अब्दुल शेख के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बुरहानपुर एमपी का ही रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मुख्यमंत्री को धमकी भरा संदेश डायल-112 के हेल्पलाइन व्हाट्सऐप नंबर पर भेजा था। जांच में सामने आया है कि उसने यह मैसेज अपने पिता को परेशान करने और उन्हें गिरफ्तार करवाने के उद्देश्य से भेजा था।
सीएम मोहन यादव
पुलिस के अनुसार, धमकी भरा मैसेज 23 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे डायल-112 के व्हाट्सऐप नंबर पर आया था। संदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव को जान से खत्म करने की धमकी दी गई थी। आरोपी ने मैसेज को दो बार एडिट कर उसमें आपत्तिजनक बातें जोड़ीं और बाद में उसे डिलीट कर दिया।
हालांकि, डायल-112 पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते मैसेज का स्क्रीनशॉट ले लिया। इसी वजह से संदेश को डिलीट किए जाने के बाद भी पुलिस के पास उसका रिकॉर्ड मौजूद रहा। इसके बाद रेडियो मुख्यालय की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर जांच से मुंबई तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर ने क्राइम ब्रांच को जांच के निर्देश दिए। पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ शुरू की है और उसके मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने पहले भी इस तरह के धमकी भरे संदेश तो नहीं भेजे थे।
धमकी भरा संदेश
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला संदेश अपने पिता को परेशान करने के लिए भेजा था। पुलिस के मुताबिक, उसका उद्देश्य अपने पिता को गिरफ्तार करवाना था। फिलहाल पुलिस आरोपी की इस मंशा और उसके पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मजदूरी का काम करता है और बुरहानपुर का रहने वाला है। उसे रेलवे में कई बार बिना टिकट यात्रा करते हुए भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। उसके पुराने रिकॉर्ड और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
