एमपी कैबिनेट के बड़े फैसले: 24,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की योजनाओं को मंजूरी,अग्निवीरों को मिलेगा 20% आरक्षण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेतृत्व में मध्यप्रदेश की कैबिनेट ने 29 सितंबर को कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई। कैबिनेट ने प्रदेश के समग्र विकास और जनहित को गति देने के लिए लगभग 24 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं को मंजूरी दी।

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 29 सितंबर को हुई कैबिनेट बैठक में विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। मंत्रिपरिषद ने अलग-अलग योजनाओं और परियोजनाओं के लिए 24,500 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय मंजूरी दी। बैठक में वर्दीधारी सेवाओं में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने से लेकर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और न्यायिक अधोसंरचना से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

​एमपी के विकास के लिए मोहन सरकार ने खोला खजाना।​

एमपी के विकास के लिए मोहन सरकार ने खोला खजाना।

वर्दीधारी सेवाओं में अग्निवीरों को 20% आरक्षण

कैबिनेट ने युवाओं के लिए बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश की विभिन्न वर्दीधारी सेवाओं की भर्ती में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने को मंजूरी दी। गृह विभाग में आरक्षक सामान्य ड्यूटी और विशेष सशस्त्र बल, जेल विभाग में जेल प्रहरी, वन विभाग में वन रक्षक तथा वाणिज्यिक कर विभाग में आबकारी आरक्षक के पदों पर यह व्यवस्था लागू होगी। इन भर्तियों में अलग-अलग पदों के अनुसार होमगार्ड और भूतपूर्व सैनिकों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान रखा गया है।

सरकारी स्कूलों की यूनिफॉर्म के लिए 348 करोड़

साथ ही कैबिनेट ने निर्णय लिया कि कक्षा 1 से 8 तक सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गणवेश की राशि सीधे डीबीटी के जरिए उनके या अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए 348 करोड़ 7 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं अतिथि शिक्षकों के मानदेय की योजना को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 5,329 करोड़ 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में 76 हजार से ज्यादा अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं।

End of Feed