Fire in East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम में बाजार में लगी भीषण आग, बाइकें, वैन जलकर राख

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 13, 2024, 08:58 PM IST

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को आग लगने से 15 से ज्यादा पटाखे के स्टॉल, दर्जन भर मोटरसाइकिलें और एक पिक-अप वैन जलकर खाक हो गई।

पूर्वी सिंहभूम: जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां आग लगने से 15 से ज्यादा पटाखे के स्टॉल, दर्जन भर मोटरसाइकिलें और एक पिक-अप वैन जलकर खाक हो गई। पुलिस के मुताबिक, चकुलिया प्रखंड के केरुकोचा गांव में भीड़भाड़ वाले एक साप्ताहिक बाजार के पास यह घटना हुई। पुलिस ने बताया कि सोमवार से शुरू होने वाले टुसू पर्व की वजह से बाजार में काफी भीड़ थी। घाटशिला उपमंडल पुलिस अधिकारी कुलदीप टोप्पो ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।उन्होंने बताया कि आग के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।

Fire in East Singhbhum

पूर्वी सिंहभूम की बाजार में लगी आग

अवैध पटाखे के एक स्टॉल में आग लगी

पुलिस के मुताबिक, दमकल की एक गाड़ी को सेवा में लगाया गया और एक घंटे से ज्यादा समय में आग पर काबू पा लिया गया।श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया, ''बाजार के समीप एक मैदान में अवैध रूप से लगे पटाखे के एक स्टॉल में आग लगी, जो देखते ही देखते पटाखे के 14 अन्य स्टॉलों में फैल गयी। आग में कुल 13 मोटरसाइकिलें और एक पिक-अप वैन भी जलकर खाक हो गई।''उन्होंने बताया कि ये स्टॉल बिना अनुमति के लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि विक्रेताओं की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

End of Feed