बारिश से बेहाल पहाड़ और मैदान! दिल्ली में अगस्त की बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, हिमाचल में येलो अलर्ट; ओडिशा में फिर मंडराया भारी बारिश का खतरा

दिल्ली में अगस्त की औसत बारिश का आंकड़ा पार हो चुका है, जबकि आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में येलो अलर्ट के बीच कई सड़कें बंद हैं और बारिश से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। वहीं, ओडिशा में नदियों का जलस्तर घटने से बाढ़ की स्थिति सुधरी है, लेकिन अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की आशंका बनी हुई है।

Monsoon News: इन दिनों मानसून की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। सबसे पहले अगर बात दिल्ली की करें तो यहां अगस्त की बारिश ने नया आंकड़ा छू लिया है और महीने के शुरुआती 21 दिनों में ही औसत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राजधानी में आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। उधर, हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें बंद हैं और बिजली व पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। ओडिशा में फिलहाल नदियों का जलस्तर घटने से बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिला है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने और तटीय व उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश की आशंका बनी हुई है।

Monsoon 2026

मानसून का तांडव जारी! (AI फोटो)

दिल्ली ने अगस्त की औसत बारिश का आंकड़ा पार किया

दिल्ली ने अगस्त महीने में होने वाली अपनी औसत बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है, जहां सफदरजंग वेधशाला ने महीने के शुरुआती 21 दिनों में ही 235.3 मिलीमीटर (एमएम) बारिश दर्ज की है। इस सप्ताहांत के दौरान और अधिक बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। IMD ने शुरुआत में रिपोर्ट दी थी कि दिल्ली ने महीने की शुरुआत में ही अगस्त की अपनी औसत बारिश (233.1 मिलीमीटर) के आंकड़े को पार कर लिया है। हालांकि, बाद में आंकड़ों की प्रविष्टि में हुई एक गलती के कारण एक निश्चित तारीख के आंकड़ों में संशोधन किया गया, जिसके बाद पाया गया कि दिल्ली उस समय औसत मासिक स्तर से नीचे थी। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वेधशाला-वार आंकड़ों के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था। वहीं, लोधी रोड में तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक यानी 35.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आया नगर में 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था। आईएमडी के अनुसार शुक्रवार को रात में बहुत हल्की बारिश और शनिवार को मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक यानी 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था, जबकि लोधी रोड में यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक यानी 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक के साथ 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आया नगर में यह सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक यानी 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में सापेक्ष आर्द्रता 60 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम पांच बजे 111 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

End of Feed