शहर

Delhi: मयूर विहार में 'मोर' और जनकपुरी में ‘एयरप्लेन’ का मजा! दिल्ली में बच्चों के लिए बनेंगे खास थीम पार्क

दिल्ली में MCD सात थीम पार्क बच्चों के लिए विकसित कर रहा है। जनकपुरी में एयरप्लेन और मयूर विहार में मोर थीम पार्क बनाया जा रहा है। साथ ही RWA को रखरखाव की जिम्मेदारी देकर पार्कों की देखभाल सुधारने की योजना है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi Park: दिल्ली में बच्चों के लिए खास पार्क बनाने की तैयारी चल रही है। नगर निगम (MCD) शहर के अलग-अलग इलाकों में सात थीम पार्क शुरू करेगा, ताकि बच्चों को खेलने के साथ नया अनुभव भी मिल सके। इन पार्कों को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि वे बच्चों और परिवारों के लिए ज्यादा मजेदार और उपयोगी बनें।

दिल्ली के किन इलाकों में बनेंगे थीम पार्क

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि ये पार्क जनकपुरी, साकेत, ग्रेटर कैलाश, मयूर विहार, स्वास्थ विहार, करोल बाग और मायापुरी में बनाए जा रहे हैं। यह प्रोजेक्ट AMRUT योजना के तहत तैयार किया जा रहा है। जिसमें हर पार्क को एक अलग थीम दी जाएगी, जिससे बच्चों को अलग-अलग तरह की एक्टिविटीज और खेलने के नए साधन मिलेंगे।

जनकपुरी में हवाई जहाज थीम पार्क

जनकपुरी के पार्क में हवाई जहाज की थीम पर प्ले एरिया तैयार किया जा रहा है, जहां बच्चे एयरप्लेन जैसी संरचना में खेल सकेंगे। वहीं मयूर विहार में 20 से 25 फीट ऊंचा मोर का बड़ा स्टैच्यू बनाया जाएगा, जिसमें बच्चों के लिए प्लेहाउस और कई तरह के खेल शामिल होंगे। अभी इन दोनों जगहों पर काम चल रहा है, जबकि बाकी पार्कों का काम अभी शुरुआती चरण में है।

RWA को दी जाएगी पार्कों की देखरेख की जिम्मेदारी

दिल्ली में MCD के पास लगभग 15,000 से अधिक पार्क हैं, लेकिन माली की कमी के कारण उनकी देखभाल में समस्या आती है। इसे ध्यान में रखते हुए MCD नई नीति लाने जा रहा है। इसके तहत RWA यानी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को पार्कों की देखरेख की जिम्मेदारी दी जाएगी। नई व्यवस्था के मुताबिक RWA को हर माह प्रति एकड़ 13,500 रुपये की मदद मिलेगी। इसके साथ ही MCD उन्हें फ्री में खाद भी देगा। अधिकारियों का मानना है कि इस योजना से पार्कों की हालत सुधरेगी और शहर के सार्वजनिक स्थान अधिक साफ, सुंदर और उपयोगी बनेंगे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article