शहर

Delhi: ‘जज’ बनकर घूम रहा था शख्स, पुलिस ने खोली पोल; फर्जी ID और हथियार बरामद

दिल्ली में पुलिस ने फर्जी जज बनकर घूम रहे एक शख्स समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में फर्जी आईडी और नकली अनुमति पत्र का भी खुलासा हुआ।

Image

सांकेतिक फोटो

Delhi News: दिल्ली में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी जज (Fake judge) बनकर घूम रहे एक शख्स और उसके साथी को अरेस्ट किया है। आरोपियों के पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी सूर्या अग्रवाल (31) और निखिल यादव (21) के रूप में हुई है।

‘सरकारी जज’ का स्टिकर लगा घूम रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग थाने की एक टीम ने दोनों व्यक्तियों को राजधानी में संभावित सुरक्षा खतरों की जांच के लिए एक अभियान के बीच गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) सचिन शर्मा ने सोमवार को एक बयान में कहा, ’’पांच अप्रैल को शाम करीब पांच बजे टीम ने एक संदिग्ध एसयूवी (एमजी हेक्टर) कार को रोका, जो बिना पंजिकृत नंबर प्लेट के थी और उसकी खिड़कियों पर काली फिल्म लगी थी। गाड़ी पर ’जज, उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखा एक स्टिकर भी लगा था, जिससे संदेह हुआ।’’ वाहनों के शीशे पर काली फिल्म लगाना प्रतिबंधित है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि तलाशी के दौरान निखिल यादव के पास से एक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए गए, जबकि अग्रवाल के पास पांच कारतूस मिले। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, अग्रवाल ने खुद के एक अधिवक्ता होने और उत्तर प्रदेश का एक सिविल जज होने का दावा किया। उन्होंने बताया कि उसने एक न्यायिक पहचानपत्र और उत्तर प्रदेश अधिकारियों द्वारा जारी एक पत्र दिखाया, जिसमें दावा किया गया कि उसे दिल्ली में हथियार ले जाने की अनुमति है।

डिजिटल फर्जीवाड़ा कर बना जज

अधिकारी ने बताया कि हालांकि, पड़ताल के बाद पुलिस को पता चला कि पहचानपत्र और पत्र दोनों ही जाली थे तथा उनमें डिजिटल माध्यम से बदलाव किया गया था। पुलिस को पता चला कि अग्रवाल के पास उत्तर प्रदेश में जारी एक वैध हथियार लाइसेंस था, लेकिन यह लाइसेंस सिर्फ उसी राज्य तक सीमित था और उसे दिल्ली में हथियार ले जाने की अनुमति नहीं थी। संसद मार्ग थाने में दोनों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पिस्तौल, नौ कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई एसयूवी, जाली पहचान पत्र, जाली अनुमति पत्र और अधिकारी का गलत तरीके से दर्जा जताने के लिए इस्तेमाल किया गया स्टिकर जब्त कर लिया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article