सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना के बाद अवैध और खतरनाक इमारतों के ध्वस्तीकरण को लेकर सक्रिय हुई दिल्ली नगर निगम (MCD) ने राजधानी में सोमवार को भी अपना अभियान जारी रखा। 28 सितंबर को MCD अभियान जारी रखते हुए सोमवार को 29 जगहों पर कार्रवाई की। निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अवैध निर्माणों को हटाया, जबकि भवन नियमों का उल्लंघन करने वाली 10 संपत्तियों को सील कर दिया। इसके अलावा 7 मामलों में ध्वस्तीकरण के आदेश भी जारी किए गए हैं। एमसीडी के मुताबिक, यह अभियान दिल्ली के सभी 12 जोनों में चलाया गया। निगम का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां भी नियमों के खिलाफ निर्माण पाए जा रहे हैं, वहां कार्रवाई की जा रही है।
MCD का ध्वस्तीकरण जारी (फाइल फोटो)
इन इलाकों में टूटे मकान
सोमवार को हरि नगर, टैगोर गार्डन एक्सटेंशन, विकासपुरी, डाबरी मोड़ और सीतापुरी में प्रमुख कार्रवाई की गई। इसके अलावा रेघड़पुरा, देव नगर, शारदा पुरी, केशवपुरम और कपिल विहार में भी निगम की टीमों ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर, कैलाश नगर, गांधी नगर, मधु विहार और पश्चिम विनोद नगर में भी कार्रवाई की गई। वहीं पुरानी सीमापुरी, चौहान बांगर, बामनौली, कादीपुर, केशव नगर और इब्राहिमपुर समेत कई अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई।
आगे भी होती रहेगी कार्रवाई
MCD ने कहा है कि राजधानी में अनधिकृत निर्माण और भवन मानदंडों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम ने फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और नियमों के खिलाफ पाए जाने वाले निर्माणों पर तुरंत कार्रवाई करें। निगम का कहना है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और खतरनाक भवनों व अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
