Mathura News: मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ब्रज के जाने-माने गौरक्षक संत चंद्रशेखर, जिन्हें लोग 'फरसा वाले बाबा' भी कहते थे, की एक सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसको लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार तड़के करीब 4 बजे की है। बताया जा रहा है कि बाबा चंद्रशेखर अपनी बाइक से एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रहे थे, जिसमें कथित तौर पर गायों को तस्करी कर ले जाया जा रहा था। थाना कोसीकलां क्षेत्र के अंतर्गत नवीपुर गांव के पास जैसे ही बाबा का वाहन ट्रक के करीब पहुंचा तो एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई।
फरसा वाले बाबा की फाइल फोटो (बाएं), हाईवे पर समर्थकों की भीड़ (दाएं)
छाता में दिल्ली-आगरा हाईवे जाम
बाबा की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में गौरक्षक और स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने छाता इलाके में दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) को पूरी तरह जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
पत्थरबाजी में घायल पुलिसकर्मी और क्षतिग्रस्त गाड़ी
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भिड़ंत
वारदात के बाद गौरक्षक बाबा के शव को बरसाना स्थित उनकी गौशाला ले गए हैं। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों का गुस्सा और जाम के कारण प्रक्रिया में बाधा आ रही है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि तनाव और न बढ़े। इसी बीच बाबा के समर्थकों और तैनात पुलिस कर्मियों में भिड़ंत की भी खबर सामने आई है। समर्थकों ने पुलिस पर पथराव किया है।
क्या कह रही है पुलिस
मथुरा के SSP श्लोक कुमार के मुताबिक, आधी रात के वक्त फरसा बाबा गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे... सुबह 4:00 के आसपास फरसा बाबा ने जिस गाड़ी को रोक रखा था, उसका नंबर नागालैंड का था। घना कोहरा था लेकिन तभी एक राजस्थान नंबर का ट्रक आया और उसने फरसा बाबा को कुचल दिया। यह हत्या नहीं, बल्कि एक्सीडेंट है। ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया गया है । वह भी जख्मी है। SSP श्लोक कुमार का कहना है कि इसमें हर एंगल से जांच की जा रही है, जो भी लोग कानून तोड़ेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
मथुरा की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
