कानपुर : जिले के रूमा इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल है कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं। फैक्ट्री में रखे केमिकल में लगातार धमाके हो रहे हैं, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग को काबू करने का प्रयास कर रही हैं।
कानपुर के रूमा स्थित केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, आग महाराजपुर थाना क्षेत्र में KIT कॉलेज के पीछे स्थित केमिकल फैक्ट्री में लगी है। फैक्ट्री में रखे केमिकल में लगातार ब्लास्ट होने के कारण दमकलकर्मियों को आग के नजदीक पहुंचने में मुश्किल हो रही है। ऐसे में फायर ब्रिगेड की टीमें फिलहाल दूर से ही पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं।
पूरे कानपुर से बुलाई गईं दमकल की गाड़ियां
आग की भयावहता को देखते हुए पूरे कानपुर से दमकल की टीमों को मौके पर बुलाया गया है। कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) के साथ पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं। वहीं, एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने या नुकसान को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
