Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर में RSS हेडक्वार्टर से 2 किलोमीटर दूरी पर भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी पैदा कर दी। आज सुबह सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक के एक घर के छोटे गार्डन में विस्फोटक होने की जानकारी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते तुरंत मौके पर पहुंच गए।
नागपुर में RSS हेडक्वार्टर के पास बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिले
नागपुर पुलिस ने जानकारी दी है कि घटनास्थल से 15 जिलेटिन स्टिक, 58 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए हैं। जांच जारी है और प्रारंभिक अनुमान है कि ये विस्फोटक यहां पिछले डेढ़ महीने से रखे हुए थे। सुबह जब घर के गार्डन में बैग में रखी जिलेटिन स्टिक दिखाई दी, तो घर के मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से जब्त कर अज्ञात स्थान पर ले जाया। इस संबंध में नागपुर के सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने मीडिया को जानकारी दी।
एसबीएल कंपनी में हुआ था विस्फोटक हादसा
हाल ही में नागपुर जिले के काटोल इलाके में एसबीएल कंपनी में विस्फोटक हादसा हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नागपुर में बरामद हुए विस्फोटक का संबंध संभवतः उसी कंपनी से हो सकता है। जिस जगह से विस्फोटक मिले हैं, वह क्षेत्र काफी संवेदनशील माना जाता है। इस इलाके से लगभग 200 मीटर की दूरी पर जामा मस्जिद, 500 मीटर दूर पोद्दारेश्वर राम मंदिर और लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय स्थित है।
मामले की गहन जांच शुरू, पुलिस अलर्ट
संवेदनशील इलाके में विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोटक किसने रखे, इसका उद्देश्य क्या था और इसका इस्तेमाल कहां होना था। नागपुर के व्यस्त क्षेत्र में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से पुलिस भी चौंक गई है। फॉरेंसिक टीम शुरुआत से ही घटनास्थल पर मौजूद रही और अब संदिग्धों की तलाश और तेज कर दी गई है।
