Himachal Pradesh Python: वैसे तो शहरों और ग्रामीण इलाकों में सांपों का मिलना बेहद आम बात है, लेकिन क्या हो जब किसी सांप का विकराल रूप देखने को मिल जाए? एक ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से आया है जहां उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों को एक मकान के पास झाड़ियों में लगभग 15 फीट लंबा अजगर दिखाई पड़ा।
हमीरपुर में मिला 15 फीट लंबा अजगर
इस अजगर की विशालता देख हर कोई हैरान रह गया। स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मेहनत के बाद इस विशाल अजगर को पकड़ने में सफलता पाई। यह अजगर विषैला नहीं होता है। अजगर के बारे में ऐसा कहा जाता है और देखा भी गया है कि यह अपने शिकार को जकड़कर दम घोंट देता है। यही इससे डरने का मुख्य कारण है।
बहकर पहुंचा इलाके तक
बताया जा रहा है कि घटना स्थल के पास रिहायशी इलाका है, जहां छोटे बच्चे अक्सर खेलते रहते हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर व्यास नदी बहती है और आशंका जताई जा रही है कि यह अजगर हाल ही में आई बाढ़ के कारण बहकर यहां पहुंचा हो सकता है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की सहायता से अजगर को जल्द ही सुरक्षित जंगल में ले जाकर मानव आबादी से दूर छोड़ दिया जाएगा।
भारत का सबसे बड़ा अजगर
अगर बात भारत में अब तक पकड़े गए सबसे बड़े अजगर की करें, तो यह रिकॉर्ड उत्तराखंड के रामनगर, काशीपुर इलाके का है। यहां वन विभाग की टीम ने एक ऐसा अजगर रेस्क्यू किया था, जिसकी लंबाई 20 फीट से भी ज्यादा थी और वजन 175 किलोग्राम से अधिक। यह अजगर रामनगर वन प्रभाग की टीम द्वारा सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया था।
