Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मुंगेश्वर सुल्तानपुर स्थित कांशीराम कॉलोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे प्रेम संबंध और आपसी विवाद की वजह थी। पुलिस ने मामले में एक शादीशुदा महिला और उसके वर्तमान प्रेमी के साथी को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के कांशीराम कॉलोनी में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच के दौरान मृतक की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी और घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही थीं। हालांकि, पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो हत्या की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश के रूप में सामने आई।
मऊ में पुराने आशिक को रास्ते से हटाने के लिए रची गई खौफनाक साजिश
पहले प्रेमी से विवाद
मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के जंगीपुर निवासी असगर अली के तौर पर हुई है। वह मऊ में किराये के मकान में रह रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के अनुसार, शहजादी नाम की महिला पिछले करीब ढाई साल से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान असगर अली से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। महिला के पांच बच्चे हैं और उसकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि कुछ समय बाद असगर और शहजादी के रिश्ते में विवाद होने लगा। इसी दौरान शहजादी की नजदीकी मुन्शीपुरा निवासी आकाश राव से बढ़ गई। आरोप है कि असगर को इस नए रिश्ते की जानकारी होने के बाद उसने इसका विरोध किया और महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की।
असगर के जागते ही उसपर हुआ जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, इसके बाद शहजादी और आकाश राव ने असगर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसी साजिश के तहत सुल्तानपुर स्थित कांशीराम आवास में एक किराए का कमरा लिया गया, जहां असगर को बुलाया गया था। एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:40 बजे आकाश राव अपने साथी सूरज राजभर के साथ कमरे में पहुंचा। उस समय असगर सो रहा था। उसके जागने पर सूरज ने उसे पकड़ लिया, जबकि आकाश ने धारदार चाकू से उसके सीने पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण असगर की मौके पर ही मौत हो गई।
आकाश राव की तलाश जारी
घटना के बाद आकाश और सूरज स्कूटी से वहां से भाग निकले। वहीं, शहजादी भी कुछ समय बाद कमरे से निकल गई। पुलिस ने जांच के आधार पर शहजादी और सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश राव की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
