झारखंड में आकाशीय बिजली का तांडव, अब तक 8 की मौत; क्या आगे भी बरपाएगा मौसम कहर?

झारखंड में बीते 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली का कहर कई जिलों में देखने को मिला, जहां अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में आइए जानें आगे मौसम कैसा रहेगा?

Jharkhand Lightning Strike: झारखंड इन दिनों मौसम काल बनकर लोगों को पीछा कर रहा है। अभी हाल फिलहाल की जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तीन महिलाओं और दो लड़कों समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इनमें से दो-दो लोगों की मौत रांची और गढ़वा जिलों में हुई, जबकि अन्य घटनाएं चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां और जामताड़ा जिलों में हुईं। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार सुबह को बताया कि, "पिछले 24 घंटे में झारखंड के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम आठ लोगों की जान गई है।" पिठौरिया थाने के उपनिरीक्षक सत्यदेव प्रसाद ने बताया, "रांची जिले में दो लोगों की मौत हुई है। उनकी पहचान बधु गांव के जीतू महली (55) और कटमकुली गांव की निराशो देवी (33) के रूप में हुई है। दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई।" उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Jharkhand Weather

झारखंड में मौसम बना काल (AI फोटो)

गढ़वा जिले में दो लोगों की मौत

एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार, गढ़वा जिले में दो लोगों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव निवासी रीना देवी (30) और केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी राम अवतार पाल (65) के रूप में हुई है। खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने बताया, "रीना देवी पेड़ के नीचे पनाह लेने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई थीं।" केतार थाने के उपनिरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि राम अवतार पाल की उस समय आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी जब वह भेड़ें चरा रहे थे। एक अन्य घटना में गिरिडीह जिले में 10 साल के एक बच्चे की आकाशीय बिजली से झुलसने के बाद मौत हो गई। राजधनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने कहा, "लड़का राजधनवार प्रखंड के घोसकेडीह गांव का निवासी था। उसे कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।" चतरा जिले में सदर थाना क्षेत्र स्थित उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के पीछे बने इको पार्क में काम कर रही 35 वर्षीय महिला मजदूर की बिजली गिरने से मौत हो गई।

End of Feed