Arwal Road Accident: बिहार के अरवल जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। सदर प्रखंड के मधुबन गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर यात्रियों से भरे एक ऑटो रिक्शा और तेज रफ्तार डंपर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ऑटो रिक्शा चालक समेत छह यात्रियों को लेकर अरवल से परासी बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बिहार के अरवल में भीषण सड़क हादसा
4 की मौत, 2 अन्य घायल
इस भीषण सड़क हादसे में गुली बीघा निवासी 27 वर्षीय अमरजीत कुमार, परासी के 50 वर्षीय राजगीर राम, उनकी 48 वर्षीय पत्नी मनीषा देवी और भदासी निवासी रामदयाल राजवंशी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, दुर्घटना में कलेर प्रखंड के बलोपुर निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार तथा कमता निवासी 63 वर्षीय महेंद्र राम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया।
हाईवे पर एक घंटे तक रहा यातायात प्रभावित
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर ट्रक और ऑटो रिक्शा की जोरदार भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों और मृतकों को बिना देर किए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो और डंपर को सड़क से हटवाकर आवागमन शुरू करवाया। उधर, सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस ने सभी शव उनके परिजनों को सौंप दिए।
अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने तुरंत सदर अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय, जदयू की प्रदेश सचिव मंजू कुमारी, नगर परिषद के सामाजिक कार्यकर्ता शाह फराज और सूएब आलम समेत कई लोग अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
