West Bengal News: तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान को छुड़ाने के लिए पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में फाल्टा थाने पर धावा बोलने की कोशिश करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस साजिश के कथित मास्टरमाइंड के तौर पर जहांगीर खान की पत्नी को नामजद किया गया है।
टीएमसी नेता जहांगीर खान (फाइल फोटो)
पहले से ही की गई सुरक्षाबलों की तैनाती
अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान थाने पर हमले की आशंका को देखते हुए पहले से ही सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई करके पुलिस और केंद्रीय बलों ने किसी भी संभावित हमले को विफल कर दिया। जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य जबरन आरोपी को छुड़ाना और इलाके में अशांति फैलाना था।
थाने की ओर बढ़ी भीड़
जांचकर्ताओं ने बताया कि भीड़ फाल्टा के शातोल कोलसा क्षेत्र में जहांगीर खान के घर के पास जुटकर थाने की ओर बढ़ी, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि खान की पत्नी सोमवार से ही समर्थकों को जुटाने में सक्रिय थीं और इस संबंध में उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांचकर्ताओं ने बताया कि जांच के दौरान खान की पत्नी के खिलाफ कई अन्य शिकायतें भी सामने आयी हैं।
भारत-नेपाल सीमा के पास हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच के आधार पर गिरफ्तारी समेत आगे और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। मामले की जांच जारी है । खुद को 'पुष्पा' कहने वाले जहांगीर खान को आठ जून को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। उन पर जबरन वसूली सहित कई आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस क्षेत्र में उनके कथित आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान चला रही है।
फाल्टा को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का लक्ष्य
वहीं मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने फाल्टा में कानून-व्यवस्था और जनसेवाओं को मजबूत करने के लक्ष्य से कई कदम उठाए जाने की घोषणा करते हुए बुधवार को कहा कि इसे आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। सुवेंदु ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में आयोजित जनकल्याण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि इलाके में एक महिला थाना स्थापित किया जायेगा और अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। पुलिस विभाग का भी प्रभार संभाल रहे सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा, हम फाल्टा को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करेंगे। फाल्टा थाने में महिलाओं के लिए अलग सहायता केंद्र भी स्थापित किया जायेगा। अब हम फाल्टा में अशांति का माहौल और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- West Bengal News: TMC नेता पर फिर फेंके गए अंडे, कोर्ट से ले जाते वक्त 'चोर-चोर' के लगे नारे
भाजपा ने फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान में एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले इस निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे और उनकी जमानत जब्त हो गई। चुनाव प्रचार के दौरान फिल्म 'पुष्पा' के किरदार जैसी प्रभावशाली छवि बनाने वाले और मुकाबले के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल जहांगीर खान ने मतदान से दो दिन पहले नाटकीय ढंग से घोषणा की थी कि वह "फाल्टा के हित में" चुनाव मैदान से हट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए राज्यभर में जारी जनकल्याण शिविरों की अवधि एक दिन बढ़ाकर 18 जून करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं इसलिए कार्यक्रम की अवधि एक दिन और बढ़ाई जा रही है। इन शिविरों के माध्यम से लोग केंद्र और राज्य सरकार की उन सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे जिनके लिए वे पात्र हैं।
