Amroha News: अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में एक अजीबोगरीब घटना में दो सगी और एक मौसेरी बहन ने एक ही युवक से मंदिर में विवाह कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के गंगा तटबंध के किनारे धोरिया गांव निवासी सगी बहनों देविका (18) और छवि (19) तथा उनकी मौसेरी बहन अलका (20) ने विकास उर्फ विक्कू (23) नामक युवक से चामुंडा मंदिर में शादी रचा ली।
अमरोहा में अजब-गजब शादी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
सोशल मीडिया पर रील बनाते हैं चारों
सूत्रों ने बताया कि तीनों बहनें और विकास सोशल मीडिया पर रील बनाते हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। उन्होंने बताया कि विकास उन लड़कियों की रील्स में उनके पति का किरदार निभाता था और परिजनों द्वारा अलग-अलग शादी तय करने पर तीनों ने विकास से ही शादी करने का फैसला कर लिया। सूत्रों के अनुसार देविका, छवि और अलका ने अपने परिजन से कहा था कि उन तीनों की शादी ऐसी जगह की जाए कि उनका साथ न छूटे, मगर ऐसा कोई रिश्ता नहीं मिलने पर 15 जुलाई 2026 को तीनों बहनों ने हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव निवासी विकास से चामुंडा मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी कर ली।
लड़कियों ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर शादी का वीडियो वायरल होने पर हिंदूवादी संगठनों ने सनातन परंपरा और मर्यादा का उल्लंघन बताकर विरोध जताया, जिस पर तीनों बहनों ने जवाब देते हुए कहा, राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं। हमने किसी धर्म का अपमान नहीं किया है। हम सब वयस्क हैं और अपने इस फैसले से खुश हैं।
चामुंडा मंदिर के प्रबंधक डॉक्टर शिवचरण दास ने बताया कि विवाह के समय मंदिर में मरम्मत कार्य चल रहा था और कोई पुजारी मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि विवाह की रस्में किसने पूरी कराई हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। इस बीच, हिंदू संगठनों के विरोध और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर को चारों को कोतवाली बुलाया। वरिष्ठ उप निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि चारों को बुलाकर उनके बालिग/नाबालिग होने संबंधी दस्तावेज और स्थिति स्पष्ट करने के लिए लिखित में प्रार्थना पत्र लिया गया है।
परिवार वालों ने नहीं किया विरोध
शादी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित किया गया है। हालांकि परिवार के लोगों ने तीनों बहनों की एक ही युवक से शादी करने का कोई विरोध किसी स्तर पर अभी तक नहीं किया है, मगर स्थानीय व्यापारी इसका विरोध कर रहे हैं। हसनपुर के व्यापारी नेता मुकेश गुप्ता का कहना है कि इस तरह की शादी सनातन के खिलाफ है और ऐसी शादी का वह विरोध करते हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि शादी करने वाली तीनों बहनों और युवक से वयस्क होने के प्रमाण पत्र मांगे गए हैं और कोई शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
