गाजियाबाद स्थित महागुनपुरम सोसाइटी में गुरुवार को सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक युवक ने इमारत की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक सोसाइटी की एक हाईराइज बिल्डिंग में रहता था। जब उसके गिरने की सूचना मिली तो आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच के दौरान जब युवक के फ्लैट में पहुंची तो वहां उसकी मां का शव भी मिला। आखिर युवक ने मां के मौत की बात क्यों छिपाई? ये सवाल खड़ा हो रहा है। क्या उसने आत्महत्या से पहले मां की हत्या की थी और डर की वजह से किसी को सूचित नहीं किया। पुलिस घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गाजियाबाद में 13वीं मंजिल से कूदकरयुवक ने दी जान
युवक ने क्यों की आत्महत्या?
मां का शव घर के अंदर मिलने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की मौत पहले हुई या युवक ने आत्महत्या से पहले कोई आपराधिक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार के अन्य लोगों से पूछताछ करेगी।
गौड़ सिटी में रहती है युवक की पत्नी
बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी गाजियाबाद की ही गौड़ सिटी इलाके में रहती है। पुलिस उससे भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी मिल सके। घटना के बाद महागुनपुरम सोसाइटी और आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
