Srinagar News: श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति को फर्जी एयर टिकट के साथ पकड़ा गया है। वह एयरपोर्ट में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, तभी सुरक्षा जांच के दौरान उसका नकली टिकट पकड़ लिया गया। इस मामले में बडगाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
एयरपोर्ट के ड्रॉप गेट पर पकड़ा गया शख्स
आरोपी शख्स की पहचान सैयद खुर्शीद अहमद पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी बुगरो, खानसाहिब के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के ड्रॉप गेट पर रूटीन सिक्योरिटी चेकिंग के दौरान उसे वेरिफिकेशन के लिए रोका गया। जब सुरक्षा कर्मियों और एयरलाइन स्टाफ ने उसके एयर टिकट की जांच की तो वह फर्जी पाया गया। जिसके बाद उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
ट्रैवेल एजेंट ने बनाई फर्जी टिकट
पुलिस ने आरोपी शख्स को हिरासत में लेकर पोस्ट हुमहामा के हवाले कर दिया गया, जहां बडगाम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी को एक ट्रैवल एजेंट ने ठग लिया था, जिसने उसे कथित तौर पर फर्जी एयर टिकट बनाकर दिया था।
आरोपी और ट्रैवेल एजेंट के खिलाफ FIR दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए बडगाम पुलिस ने आरोपी और शामिल ट्रैवल एजेंट के खिलाफ पुलिस एफआईआर संख्या 343 दर्ज की है। यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(2) और 340(2) के तहत दर्ज की गई है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
