Jaisalmer Suspect Detained: राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा के पास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए व्यक्ति पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का संदेह है, जिसके बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। हिरासत में लिए गए शख्स की पहचान मुश्ताक अली के रूप में हुई है। वह नाचना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खरिया इलाके के हिंगोलो की ढाणी (Rajasthan News) का रहने वाला है।
भारत-पाकिस्तान सीमा के पास खरिया इलाके से दबोचा गया संदिग्ध
सुरक्षा अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया एजेंसियों को पिछले कुछ समय से खरिया सीमा क्षेत्र में कुछ संदिग्ध गतिविधियों और देश विरोधी तत्वों से जुड़े संपर्कों के बारे में पुख्ता इनपुट मिल रहे थे। इसी विशेष जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने जाल बिछाया और भारत-पाकिस्तान बॉर्डर (Indo Pak border security alert) के पास खरिया इलाके से मुश्ताक अली को दबोच लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Rajasthan News: 'जहां औरतों की इज्जत नहीं, ऐसे मंत्री को...', स्वास्थ्य मंत्री के 'नाचते-कूदते' वाले बयान पर भड़के प्रसूताओं के परिजन
खुफिया एजेंसियां कर रहीं पूछताछ
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुरुआती दौर की पकड़-धकड़ के बाद मुश्ताक को तुरंत नाचना से जिला मुख्यालय जैसलमेर ले जाया गया है। यहां देश की विभिन्न खुफिया एजेंसियां (Intelligence Agencies) संयुक्त रूप से उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके तार कहां-कहां जुड़े हैं और क्या वह सीमा पार किसी के संपर्क में था।
बॉर्डर इलाके में सुरक्षा सख्त
संवेदनशील सीमावर्ती इलाका होने के कारण प्रशासन इस मामले में कोई भी ढिलाई नहीं बरत रहा है। एहतियात के तौर पर नाचना और उसके आस-पास के पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पूरे इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
