दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में मंगलवार को एक 37 वर्षीय शख्स ने कथित तौर पर होटल के चौथी मंजिल स्थित पूल साइड से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दिविज मारिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को दोपहर 3 बजे के बाद संसद मार्ग थाना पुलिस को होटल से एक व्यक्ति के पूल साइड से नीचे कूदने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दिविज मारिया को इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
डिप्रेशन में था शख्स
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिविज मारिया ने करीब छह महीने पहले गुरुग्राम की एक कंपनी में अपनी नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस के अनुसार, वह पिछले कुछ महीनों से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। वह शादीशुदा थे। घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने मामले में इनक्वेस्ट की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
